गुरुग्राम मेट्रो विस्तार परियोजना का 11 प्रतिशत कार्य पूरा

 

चंडीगढ़, 21 जुलाई (हि.स.)। गुरुग्राम मेट्रो विस्तार परियोजना के तहत 28.5 किलोमीटर लंबे मिलेनियम सिटी सेंटर-साइबर सिटी-द्वारका एक्सप्रेसवे मेट्रो कॉरिडोर का निर्माण कार्य तेजी से जारी है। गत जून के अंत तक परियोजना की लगभग 11 प्रतिशत भौतिक प्रगति दर्ज की जा चुकी है।

यह जानकारी देते हुए मंगलवार को हरियाणा मेट्रो रेल ट्रांसपोर्ट कारपोरेशन (एचएमआरटीसी) के प्रवक्ता ने बताया कि भारत सरकार द्वारा गुरुग्राम मेट्रो विस्तार परियोजना को स्वीकृति दी गई तथा 28.5 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर पर निर्माण कार्य प्रगति पर है। प्रवक्ता ने बताया कि परियोजना पूरी होने के बाद मिलेनियम सिटी सेंटर, साइबर सिटी और द्वारका एक्सप्रेस-वे के बीच मेट्रो संपर्क स्थापित होगा। इससे यात्रियों को बेहतर सार्वजनिक परिवहन सुविधा मिलेगी, निजी वाहनों पर निर्भरता घटेगी, यातायात जाम और प्रदूषण में भी कमी आएगी। शहर में पर्यावरण-अनुकूल और टिकाऊ शहरी परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा।

प्रवक्ता ने कहा कि यह परियोजना गुरुग्राम की बढ़ती परिवहन आवश्यकताओं को पूरा करने के साथ-साथ मिलेनियम सिटी सेंटर और द्वारका एक्सप्रेस-वे के बीच कनेक्टिविटी को भी मजबूत करेगी। इसके अलावा, यह परियोजना शहर के समग्र यातायात ढांचे को नई मजबूती प्रदान करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा