गुरुग्राम: मेट्रो बैरिकेड्स से टकरा कर कार पलटी, बाल-बाल बचा ड्राइवर
गुरुग्राम, 17 मार्च (हि.स.)। सुभाष चौक के पास मंगलवार सुबह टाटा नेक्सन कार मेट्रो निर्माण स्थल के बैरिकेड्स से टकरा कर पलट गई। राहगीरों ने कार के शीशे तोड़कर कड़ी मशक्कत के बाद ड्राइवर को कार से बाहर निकाला।
कार पलटने से ड्राइवर को गंभीर चोटें तो नहीं आई, लेकिन लोगों ने उसे नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है। हादसे के बाद ट्रैफिक काफी प्रभावित हो गया और लंबा जाम लग गया। सुबह-सुबह पुलिस की ड्यूटी नहीं होने के कारण लोगों ने ही जाम को खोलने में मदद की।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार चालक सामान्य गति से जा रहा था तभी बेरिकेड्स का एक हिस्सा अचानक तिरछा हो गया और कार चालक का संतुलन बिगड़ गया और कार पलटकर सड़क पर जा गिरी। आस पास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और ड्राइवर को कार से बाहर निकाला। कार चालक की हालत स्थिर बताई जा रही है और इस संबंध में अभी पुलिस को कोई शिकायत नहीं दी गई है।
हुडा सिटी सेंटर से पुराने गुरुग्राम तक मेट्रो विस्तार का कार्य चल रहा है, जिसके चलते सड़क के बीचों-बीच बेरिकेड्स लगाए गए हैं। लोगों का आरोप है कि ये बेरिकेड्स सही तरीके से नहीं लगाए गए जिसके कारण हादसों का खतरा बना रहता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर