गुरुग्राम: मेरी फसल मेरा ब्योरा पोर्टल पर पंजीकरण के बिना नहीं मिलेगा किसानों को पास : डीसी

 


डीसी अजय कुमार ने फर्रुखनगर अनाजमंडी के दौरे के दौरान कही यह बात

खरीद व्यवस्थाओं को लेकर दिए सख्त निर्देश

गुरुग्राम, 02 अप्रैल (हि.स.)। सरसों और गेहूं की खरीद व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए उपायुक्त अजय कुमार ने फर्रुखनगर अनाज मंडी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मंडी में गेट पास व्यवस्था, वाहनों की एंट्री, बायोमेट्रिक सत्यापन प्रणाली और सुरक्षा इंतजामों की बारीकी से जांच की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान डीसी ने स्वयं एक किसान से बातचीत कर गेट पास बनवाने की पूरी प्रक्रिया की जानकारी ली और अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रक्रिया को और अधिक सरल व पारदर्शी बनाया जाए। उपायुक्त अजय कुमार ने गुरुवार को निरीक्षण के दाैरान कहा कि मंडी में किसानों की संख्या को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त संख्या में बायोमेट्रिक मशीनें लगाई जाएं ताकि किसानों को लंबा इंतजार न करना पड़े। इसके साथ ही उन्होंने मंडी के प्रवेश द्वार पर लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यक्षमता जांची और निर्देश दिए कि कैमरों का रुख आने-जाने वाले वाहनों की दिशा में सुनिश्चित किया जाए तथा वे 24 घंटे चालू स्थिति में रहें।

डीसी अजय कुमार ने मार्केट कमेटी सचिव को निर्देश दिए कि मंडी में अनाज लेकर आने वाले प्रत्येक ट्रैक्टर-ट्रॉली के सामने उसका पंजीकरण नंबर स्पष्ट रूप से अंकित किया जाए। उन्होंने कहा कि गेट पास केवल निर्धारित समय सुबह छह बजे से रात आठ बजे तक ही जारी किए जाएं। इसके अलावा किसी भी स्थिति में पास जारी न किए जाएं। गेट पास मेरी फसल-मेरा ब्योरा पोर्टल पर दर्ज किसानों के सत्यापित रिकॉर्ड के आधार पर ही जारी करने के निर्देश भी दिए गए।

हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड के जिला प्रबंधक विनय यादव ने बताया कि सरकार के निर्देशानुसार 28 मार्च से सरसों की खरीद 6200 रुपये प्रति क्विंटल न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर शुरू हो चुकी है, जबकि 1 अप्रैल से गेहूं की खरीद 2585 रुपये प्रति क्विंटल एमएसपी पर प्रारंभ कर दी गई है। उन्होंने बताया कि मंडी परिसर में किसानों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए शिकायत रजिस्टर स्थापित किया गया है, जहां प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निवारण सुनिश्चित किया जा रहा है। इस अवसर पर पटौदी के एसडीएम दिनेश लुहाच, फर्रूखनगर के नायब तहसीलदार प्रतीक, जिला प्रबंधक विनय यादव, मार्केट कमेटी के चेयरमैन दौलतराम, सचिव विजय कुमार सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर