गुरुग्राम: एमबीबीएस छात्र ने की आत्महत्या, पीजी में पांच दिन से फंदे से लटका हुआ था शव
गुरुग्राम, 23 अप्रैल (हि.स.)। कुशला गांव स्थित श्रीकृष्ण पीजी में रह रहे एमबीबीएस के छात्र ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। गुरुवार को इस घटना का खुलासा तब हुआ जब कमरे से बदबू आने लगी। बदबू से परेशान होकर अन्य किरायेदारों और पीजी मालिक ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद पीजी मालिक कपिल यादव ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने फंदे से लटके छात्र के शव को बरामद किया।
पुलिस के अनुसार शव करीब चार से पांच दिन पुराना था और काफी हद तक गल चुका था। मृतक छात्र की पहचान 30 वर्षीय अंकित के रूप में हुई है, जो नारनौल के खामपुर गांव का निवासी रहने वाला था। वह एमबीबीएस फाइनल ईयर का छात्र था। पुलिस को कमरे की तलाशी के दौरान अंकित का आधार कार्ड मिला, जिससे उसकी पहचान हुई। प्राथमिक
जांच में सामने आया है कि अंकित जनवरी 2026 से इस पीजी में रह रहा था। परिजनों से संपर्क करने पर पता चला कि उसकी आखिरी बार 15 अप्रैल को घर पर बात हुई थी। इसके बाद से उसका मोबाइल फोन लगातार बंद आ रहा था।
आईएमटी मानेसर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जांच अधिकारी हरजीत के अनुसार कमरे से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिससे आत्महत्या के कारणों का तुरंत पता नहीं चल सका है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस अंकित के कॉल रिकॉर्ड और पीजी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर