गुरुग्राम: एमबीबीएस में एडमिशन कराने के नाम पर ठग लिए 30 लाख रुपये
-धोखाधड़ी करने के मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार
-आरोपियों के विरुद्ध पश्चिम बंगाल, पंजाब सहित अन्य जगहों पर भी केस दर्ज
गुरुग्राम, 18 नवंबर (हि.स.)। एमबीबीएस कोर्स में दाखिला दिलाने के नाम पर एक व्यक्ति से 30 लाख रुपये की धोखाधड़ी कर ली गई। खास बात यह है कि यह धोखाधड़ी कोई ऑनलाइन तरीके से नहीं बल्कि एक महंगी जगह पर कार्यालय खोलकर की गई। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बुधवार को बताया कि पुलिस ने इस धोखाधड़ी में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार 16 नवंबर 2026 को एक व्यक्ति ने थाना सदर गुरुग्राम में धोखाधड़ी की एक शिकायत दी थी। शिकायत में कहा गया कि दा एडमिश सॉल्यूशन जेएमडी मेगा पोलिस सेक्टर-48 गुरुग्राम से संचालित होता है। उसने अपने बेटे का एमबीबीएस में एडमिशन कराने के लिए दा एडमिश सॉल्यूशन को 30 लाख रुपए दिए थे। जब वह अलॉटमेंट लेटर लेने गया तो उसे पता चला कि उसके साथ धोखाधड़ी हुई है। इस शिकायत पर थाना सदर गुरुग्राम में केस दर्ज किया गया। जांच के बाद थाना सदर गुरुग्राम की पुलिस टीम ने इस धोखाधड़ी मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान बंटी कुमार तिवारी निवासी जिला गोपालगंज बिहार, अभिषेक आनंद निवासी पटना बिहार, मोहम्मद जुबेर निवासी हौजरानी, मालवीय नगर, जिला दक्षिण दिल्ली के रूप में हुई है। प्राथमिक पुलिस पूछताछ में पता चला कि आरोपी एमबीबीएस में एडमिशन दिलवाने के नाम पर रुपये लेकर लोगों से ठगी करते थे। आरोपियों के विरुद्ध पश्चिम बंगाल, पंजाब सहित अन्य जगहों पर इसी प्रकार धोखाधड़ी के केस दर्ज हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर