गुरुग्राम: ऑटोमोबाइल निर्माण क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध: राहुल भारती
-जापान-इंडिया फॉर मैन्युफैक्चरिंग में महिला प्रशिक्षकों की फीस है माफ
गुरुग्राम, 21 सितंबर (हि.स.)। ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरिंग में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड ने बड़ा कदम उठाया है। कंपनी अपने जापान-इंडिया इंस्टीट्यूट फॉर मैन्युफैक्चरिंग (जिम) ऊंचा माजरा गुरुग्राम में महिला छात्राओं की संख्या 30 प्रतिशत तक ले जाने का लक्ष्य रखा है। यह जानकारी मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड के कॉर्पोरेट अफेयर्स के सीनियर एग्जीक्यूटिव ऑफिसर राहुल भारती ने सोमवार को बातचीत में दी।
उन्होंने कहा कि शैक्षणिक वर्ष 2025-26 में यहां महिला छात्राओं की संख्या करीब पांच प्रतिशत थी, जिसे 2028-29 तक बढ़ाकर 30 प्रतिशत किया जाएगा। इसके लिए महिला प्रशिक्षकों को 100 प्रतिशत ट्यूशन फीस माफी, हॉस्टल और बेहतर वातावरण दिया जा रहा है। मारुति सुजुकी ने देश में चार जेआईएम गुजरात के मेहसाणा और गांधीनगर तथा मानेसर के ऊंचा माजरा और सोनीपत में स्थापित किए हैं। जेआईएम ऊंचा माजरा में ऑटोमोटिव सेक्टर से जुड़े नौ ट्रेड में कोर्स कराए जाते हैं।
राहुल भारती ने कहा कि स्किल्स में 360ए पूर्णता के लिए विविधता जरूरी है। इसी सोच के साथ हम मैन्युफैक्चरिंग में महिलाओं की भागीदारी को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। देशभर में प्रतिभाशाली महिलाएं मौजूद हैं, लेकिन कई अब भी मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में मिलने वाले मौकों से अनजान हैं। खुशी है कि जेआईएम ऊंचा माजरा की दो छात्राएं इस साल मैन्युफैक्चरिंग ट्रेड में हरियाणा राज्य की टॉपर बनीं, जो इस क्षेत्र में महिलाओं की क्षमता को दिखाता है। उन्होंने कहा कि संख्या बढ़ाने के लिए समावेशी माहौल बनाया जा रहा है, महिला फैकल्टी की संख्या बढ़ाई जा रही है। इस साल से 100 फीस फीस माफी शुरू की गई है। ऊंचा माजरा जेआईएम के छात्रों का प्रदर्शन लगातार शानदार रहा है। इस साल इंस्टीट्यूट के छात्रों ने चार ट्रेड में हरियाणा में टॉप रैंक हासिल की है, जिनमें से दो ट्रेड में टॉप तीन रैंक पर इसी इंस्टीट्यूट के छात्र रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर