मानेसर की मेयर डा. इंद्रजीत कौर यादव भाजपा में शामिल
-रेवाड़ी में प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ोली व केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह की मौजूदगी में हुईं शामिल
-कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह पर राव इंद्रजीत सिंह का बड़ा दांव
गुरुग्राम, 29 अप्रैल (हि.स.)। मानेसर की मेयर बनने के एक साल बाद डा. इंद्रजीत कौर यादव को आखिर भाजपा ने शामिल कर लिया। भाजपा के खिलाफ चुनाव लडऩे वाली डा. इंद्रजीत कौर यादव को पार्टी में शामिल कराकर केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने बड़ा दांव खेला है। हरियाणा में कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने खुलकर यह बात कही थी कि उनका हमेशा यही प्रयास रहेगा कि मेयर भाजपा में शामिल ना हो पाए। रेवाड़ी भाजपा कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ोली व केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह की मौजूदगी में उन्होंने भाजपा की सदस्यता ली। बड़ोली ने उन्हें पार्टी का पटका पहनाया।
मेयर डा. इंद्रजीत कौर यादव को भाजपा में शामिल कराकर गुडग़ांव के सांसद एवं केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने राव नरबीर को एक तरह से राजनीतिक पटखनी देने का काम किया है। बता दें कि मानेसर नगर निगम का गठन होने के बाद पहली बार चुनाव 2025 में हुआ था। दो मार्च 2025 को निगम के 20 वार्डों के साथ-साथ मेयर पद पर सीधे चुनाव हुआ था। 12 मार्च को वोटों की गिनती हुई और डा. इंद्रजीत कौर यादव ने भाजपा प्रत्याशी सरपंच सुंदर लाल यादव को 2293 वोटों से हराया। चुनाव में मेयर पद के लिए चार प्रत्याशी मैदान में थे। निर्दलीय प्रत्याशी डा. इंद्रजीत कौर यादव को चुनाव में 26,393 वोट मिले थे। भाजपा प्रत्याशी सरपंच सुंदर लाल यादव को 24,100 वोट मिले है। कांग्रेस के प्रत्याशी नीरज यादव को मात्र 5143 वोट मिले थे।
गुरुग्राम प्रदेश का इकलौता ऐसा जिला है, जहां पर दो नगर निगम हैं। मानसेर नगर निगम का करीब पांच साल पहले गठन हुआ था। यहां नगर निगम बनाने को लेकर अक्सर सवाल भी उठे कि यहां पर 28 गांवों में करीब 90 हजार की जनसंख्या है। शहर के नए सेक्टर, वाटिका, द्वारका एक्सप्रेसवे के साथ लगते क्षेत्र मानेसर निगम में आते हैं। इस निगम क्षेत्र में 20 वार्ड हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर