गुरुग्राम: आईसीएटी ने मल्टी एक्सल स्लीपर बस के लिए पहला अनुपालन प्रमाण पर किया जारी
-सिनैटी ऑटोमोटिव प्रॉ. लि. को दिया गया प्रमाण पत्र
गुरुग्राम, 26 अगस्त (हि.स.)। देश के यात्री परिवहन क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में इंटरनेशनल सेंटर फॉर ऑटोमोटिव टेक्नोलॉजी (आईसीएटी) ने एआईएस-119 और एआईएस-153 के अंतर्गत 15-मीटर मल्टी एक्सल शयनयान बस के लिए अपना प्रथम अनुपालन प्रमाणपत्र जारी किया है। यह प्रमाणन केंद्रीय मोटरयान नियमावली के लागू प्रावधानों के अनुसार किया गया है।
यह प्रमाणपत्र सिनैटी ऑटोमोटिव प्रॉ. लि. द्वारा निर्मित 15-मीटर मल्टी एक्सल स्लीपर बस के लिए प्रदान किया गया है। यह उपलब्धि यात्री परिवहन श्रेणी में अनुमत सबसे लंबी बस संरचनाओं में से एक के परीक्षण एवं प्रमाणन की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। प्रमाणपत्र औपचारिक रूप से आईसीएटी निदेशक सौरभ दलेला द्वारा सिनैटी ऑटोमोटिव प्रॉ. लि. के प्रबंध निदेशक नरेश कुमार यादव व आईसीएटी अधिकारियों की उपस्थिति में बुधवार को प्रदान किया गया। इस बस को लंबी दूरी के यात्री परिवहन की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विकसित किया गया है। इसमें संरचनात्मक दृढ़ता, आपातकालीन सुरक्षा, अग्नि सुरक्षा, यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही तथा यात्रा-सुविधा जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं पर विशेष ध्यान दिया गया है।
बस के पूर्ण शयनयान रूप में 42 शयन-स्थान तथा मिश्रित शयनयान रूप में 21 शयन-स्थान और 42 बैठने के स्थान उपलब्ध हैं। यह व्यवस्था लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए सुविधा एवं आराम को ध्यान में रखकर तैयार की गई है। वाहन का परीक्षण एवं प्रमाणन वाहन सुरक्षा, संरचनात्मक दृढ़ता, यात्री व्यवस्था एवं यात्रा-सुविधा से संबंधित निर्धारित आवश्यकताओं के अनुरूप किया गया है। इसके लिए संबंधित वाहन मानकों तथा केंद्रीय मोटरयान नियमावली में निर्धारित प्रावधानों का पालन किया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर