गुरुग्राम: मंदिर व गुरुद्वारे में दानपात्र चोरी के दो आरोपी गिरफ्तार
-आरोपियों पर पहले से दर्ज हैं चोरी के छह-छह केस
गुरुग्राम, 22 जून (हि.स.)। थाना बजघेड़ा क्षेत्र में गुरुद्वारा और मंदिर से दानपात्र चोरी करने के मामले में अपराध शाखा पालम विहार की पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने सोमवार को बताया कि आरोपियों से पहले से चोरी के छह-छह केस दर्ज हैं। उनसे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार 19 जून 2026 को एक व्यक्ति ने शिकायत दी कि 18-19 जून की रात टी ब्लॉक न्यू पालम विहार फेज-2 स्थित गुरुद्वारा के दानपात्र से नकदी और मंदिर के दानपात्र की चोरी किसी अज्ञात व्यक्ति ने की है। शिकायत पर थाना बजघेड़ा में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। कार्रवाई करते हुए अपराध शाखा पालम विहार की टीम ने 21 जून को बजघेड़ा फ्लाईओवर के पास से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान युवराज उर्फ गुड्डू निवासी साहिब कुंज शंकर विहार, गुरुग्राम और करण निवासी साहिब कुंज न्यू पालम विहार-3, गुरुग्राम के रूप में हुई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार दोनों आरोपियों पर गुरुग्राम में पहले से ही चोरी के छह-छह मामले दर्ज हैं। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर