गुरुग्राम: महरौली रोड पर सडक़ के साथ बरसाती नाला नहीं बनाया, हालात हुए बदतर: पंकज डावर
-महरौली रोड पर बिजली निगम कार्यालय के बाहर सडक़ पर बरसात का पानी सड़ रहा
-इस तरह की अनदेखी व लापरवाही बरतने वालों पर हो सख्त कार्रवाई
-जनता के टैक्स की बर्बादी के अलावा कुछ नहीं हो रहा
गुरुग्राम, 29 जून (हि.स.)। कांग्रेस के जिला अध्यक्ष (शहरी) पंकज डावर ने एमजी रोड पर कुछ दूरी में सडक़ निर्माण कार्य को लेकर संबंधित विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि महरौली रोड पर करोड़ों रुपये खर्च करके कुछ दूरी तक सडक़ तो बना दी गई, लेकिन साथ में बरसाती नाला नहीं बनाया। अब वहां बरसाती का पानी सड़ रहा है। बिजली निगम के साथ लगती इस सडक़ के हालात बदतर हो गए हैं।
पंकज डावर ने कहा कि महरौली रोड स्थित बिजली निगम कार्यालय के पास सडक़ तालाब जैसी नजर आ रही है। वहां गंदा पानी सड़ता रहता है। थोड़ी सी बारिश में ही पूरी सडक़ जलमग्न हो जाती है। करोड़ों की लागत से कुछ दूरी तक सडक़ तो बना दी गई, लेकिन जल निकासी का कोई इंतजाम नहीं किया गया। बरसाती नाला न होने से पानी सडक़ पर ही जमा हो रहा है, जिससे सडक़ जल्दी टूटेगी और लोगों को परेशानी होगी। पंकज डावर ने अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि आखिर क्यों नहीं अधिकारी कार्यों को गंभीरता से लेते।
डावर ने सडक़ के साथ फुटपाथ पर लगाई गई कई फुट ऊंची ग्रिल पर भी सवाल उठाए। फुटपाथ पर ऊंची ग्रिल लगाकर भी जनता के पैसे की बर्बादी की गई है। ग्रिल लगाने का कोई मतलब नहीं था।
अगर ग्रिल नहीं होती तो लोग फुटपाथ का प्रयोग भी करते, लेकिन ग्रिल लगाकर एक तरह से फुटपाथ पर चढऩे का रास्ता ही बंद कर दिया गया है। ग्रिल लगाने की क्या जरूरत थी। यह सीधे तौर पर भ्रष्टाचार है। इसकी जांच सरकार को करानी चाहिए। कांग्रेस जिला शहरी अध्यक्ष पंकज डावर ने कहा कि गुडग़ांव में विकास कार्यों में पारदर्शिता नहीं है। जनता की गाढ़ी कमाई का पैसा बिना सोचे-समझे खर्च किया जा रहा है। अधिकारी और ठेकेदार की मिलीभगत से काम हो रहे हैं। समय-समय पर अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल भी उठते रहे हैं, लेकिन किसी पर कार्रवाई नहीं की गई।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर