गुरुग्राम: मां ने ढाई साल की बेटी की हत्या कर कैंची से खुद का गला काटा
-बेटी की हुई माैत, मां की हालत गंभीर
-पति से झगड़ा होने पर दिया इस घटना को अंजाम
गुरुग्राम, 07 अप्रैल (हि.स.)। यहां एक महिला ने अपनी ढाई साल की बच्ची की हत्या करके खुद कैंची से गला काट लिया। ड्यूटी से लौटे पति ने अपनी पत्नी व बेटी को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में डॉक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया। महिला की हालत गंभीर बनी हुई है। बताया जा रहा है कि महिला का अपने पति से झगड़ा हुआ था। इसी झगड़े का विवाद बढ़ा तो महिला ने इस घटना को अंजाम दिया।
बच्ची के पिता आधार शर्मा के मुताबिक, वह मूलरूप से यूपी के बिजनौर के रहने वाले हैं। चार साल पहले नेहा से शादी हुई थी। बेटी अनिका की उम्र ढाई साल थी। आधार गुरुग्राम की एक निजी कंपनी में काम करते हैं। वर्तमान में वे सूर्य विहार में किराये के मकान में रहते हैं। उन्होंने बताया कि वह तो ड्यूटी पर चला गया था। छुट्टी के बाद इस वारदात का पता चला। बच्ची के शरीर पर चोटों के निशान हैं। अंदाजा है कि बच्ची को बेरहमी से मारा गया। सोमवार सुबह जब ड्यूटी पर निकले तो पत्नी व बेटी ठीक थीं। शाम करीब छह बजे जब वे ऑफिस से घर लौटे। इस दौरान कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़ा तो उनकी ढाई साल की बेटी अनिका और पत्नी नेहा बेहोश हालत में पड़ी हुई थी। बच्ची के शरीर पर चोट के निशान थे और नेहा के गले पर गहरी चोट लगी थी। आधार शर्मा के मुताबिक उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। दोनों को आर्टेमिस अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने इलाज के दौरान ढाई साल की अनिका को मृत घोषित कर दिया। नेहा शर्मा की हालत अभी भी गंभीर है। उनका इलाज चल रहा है।
पुलिस की शुरुआती पूछताछ में आधार शर्मा ने शंका जाहिर की कि उसकी पत्नी नेहा ने बच्ची को मारा है। खुद का गला काटकर जान देने की कोशिश की। शुरुआती जांच के बाद पुलिस ने अंदेशा जताया कि सोमवार को आधार व नेहा में किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ, उसी के बाद यह वारदात हुई। पहले भी दोनों के बीच घरेलू विवाद की बात सामने आई है। पुलिस यह जांच कर रही है कि नेहा ने बच्ची की हत्या के बाद खुद जान देने की कोशिश की है, या कुछ और हुआ।
सेक्टर-9 के थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अवतार सिंह ने घटना की प्रारंभिक जांच में घरेलू विवाद को मुख्य कारण माना है। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है। फॉरेंसिक टीम ने मौके पर सबूत एकत्रित किए। जांच में यह भी पता चला है कि यह पता लगाया जा रहा है कि हत्या किस हथियार से की गई और क्या कोई प्लानिंग थी। पुलिस नेहा शर्मा का स्वास्थ्य स्थिर होने के बाद उससे पूछताछ करेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर