गुरुग्राम: लिव इन पार्टनर को बंधक बनाकर पीटा, गंभीर रूप से घायल हुई युवती

 


जीडी गोयनका यूनिवर्सिटी की छात्रा है पीड़िता

गुरुग्राम, 20 फरवरी (हि.स.)। पीजी में लिव इन पार्टनरशिप में रह रही युवती के साथ युवक द्वारा बंधक बनाकर मारपीट करने का आरोप लगा है। युवक ने इस घटना को इसलिए अंजाम दिया कि उसे युवती के चरित्र पर शक था। छात्रा की मां की सूचना पर पुलिस ने समय रहते मौके पर पहुंचकर युवती को रेस्क्यू किया। पुलिस ने युवती के प्रेमी 19 वर्षीय शिवम को गिरफ्तार कर लिया है। छात्रा की नाजुक हालत के चलते दिल्ली स्थित एम्स में भर्ती करवाया गया है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने शुक्रवार को बताया कि युवती की हालत गंभीर है। मूलरूप से त्रिपुरा की रहने वाली युवती यहां सोहना रोड स्थित जीडी गोयनका यूनिवर्सिटी में बायोटेक्नोलॉजी की छात्रा है। छात्रा की मां ने गुरुवार की देर रात पुलिस को कॉल करके सूचना दी कि उसकी 19 साल की बेटी को उसके लिव इन पार्टनर युवक ने मारपीट करके बुरी तरह से घायल कर दिया है। वह गंभीर रूप से घायल है। शिकायत में पीड़िता की मां ने यह भी कहा कि युवक को उनकी बेटी के चरित्र पर शक था। इसलिए उसने मारपीट की। मारपीट इतनी की कि उनकी बेटी बुरी तरह से घायल हो गई। दिल्ली के रहने वाले शिवम को पुलिस ने हिरासत में लिया है। उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। गंभीर रूप से घायल युवती को दिल्ली स्थित एम्स में रेफर किया गया है। पता चला है कि आरोपी शिवम से युवती की मुलाकात सितंबर 2025 में हुई थी। दोनों पिछले कुछ माह से ग्रेट पीजी में लिव इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। पुलिस की जांच में यह भी सामने आ रहा है कि युवक-युवती की शादी की बात परिवार में चल रही थी। बताया जा रहा है कि जिस रात को युवक ने इस घटना को अंजाम दिया, उस रात दोनों के बीच कुछ कहासुनी हुई थी। युवक ने इस दौरान युवती के साथ काफी मारपीट की। डीसीपी साउथ हितेश यादव ने शुक्रवार को बताया कि पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी को अपनी लिव इन पार्टनर युवती के चरित्र पर शक हो गया था। मौके से सीसीटीवी फुटेज भी लिए गए हैं, जिनकी जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर