गुरुग्राम में लिव-इन पार्टनर संग रह रहे युवक ने की खुदकुशी
-पुलिस के दरवाजा खटखटाते ही युवक ने खुद को मारी गोली
-बहन राखी बांधने आई थी, कमरे में गर्लफ्रेंड व दोस्त भी थे मौजूद
गुरुग्राम, 26 अगस्त (हि.स.)। सेक्टर-14 के राजीव नगर गली नंबर-3 में लिव-इन में रह रहे एक युवक ने सुसाइड कर लिया। दावा है कि यूपी पुलिस के चार जवान सिविल वर्दी में उसके कमरे पर आए थे और दरवाजा खटखटाते ही उसने बाथरूम में घुसकर खुद को गोली मार ली।
मृतक की पहचान यूपी के बिजनौर निवासी दीगेंद्र (23) के रूप में हुई है। वह यहां अपनी गर्लफ्रेंड के साथ लिव-इन में रहता था। रक्षाबंधन पर उसकी बहन भी राखी बांधने आई हुई थी। उसका दोस्त पंकज भी करीब डेढ़ महीने से उसके साथ ही छिपकर रह रहा था, जो किसी केस में फरार बताया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह करीब 6 बजे यूपी पुलिस के जवान कमरे पर पहुंचे। कमरा अंदर से बंद था। दरवाजा खटखटाते ही दीगेंद्र और पंकज बाथरूम में चले गए। कुछ देर बाद ही अंदर से गोली चलने की आवाज आई। आवाज सुनते ही यूपी पुलिस के जवान मौके से चले गए। चीख सुनकर आसपास के लोग इक_ा हो गए और सेक्टर-14 थाना पुलिस को सूचना दी गई। सेक्टर-14 थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों ने दोस्त पर लगाया हत्या का आरोप
परिवार का कहना है कि दीगेंद्र करीब डेढ़ साल पहले गर्लफ्रेंड के साथ गुरुग्राम आया था। इससे पहले वह हरिद्वार में बेकरी का काम करता था। परिजनों ने उसके दोस्त पंकज पर हत्या का शक जताया है। पुलिस के अनुसार दीगेंद्र पर पहले से ही हत्या सहित कई क्रिमिनल केस दर्ज हैं। सेक्टर-14 थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला सुसाइड का लग रहा है। परिजनों के आरोपों और यूपी पुलिस के आने की बात की भी जांच की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर