गुरुग्राम: छात्रों को नैतिक मूल्यों का ज्ञान देने को शिक्षकों की हुई कार्यशाला

 


-गुरुग्राम में लायन क्वेस्ट टीचर्स ट्रेनिंग वर्कशॉप शुरू

-चार स्कूलों के शिक्षक ले रहे प्रशिक्षण

गुरुग्राम, 25 सितंबर (हि.स.)। लायंस इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321ए1 के तत्वावधान में लायंस पब्लिक स्कूल सेक्टर-10ए में लायंस क्वेस्ट प्रोग्राम की दो दिवसीय टीचर्स ट्रेनिंग वर्कशॉप का शुभारंभ गुरुवार को हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन लायंस पब्लिक स्कूल के चेयरमैन लायन डी.वी. तनेजा ने किया। यह कार्यशाला डिस्ट्रिक्ट गवर्नर लायन संदीप, डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन लायंस क्वेस्ट लायन हेमंत मोंगिया और को-चेयरपर्सन लायन रेनू वर्मा की देखरेख में आयोजित की जा रही है।

कार्यक्रम की शुरुआत में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर लायन संदीप और डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन लायन हेमंत मोंगिया ने चेयरमैन लायन डी.वी. तनेजा और स्कूल मैनेजर राजीव को शाल भेंट कर, माला पहनाकर विशेष स्वागत किया। लायंस पब्लिक स्कूल सेक्टर-10ए की प्रिंसिपल दीपेंद्र कौर, लायंस पब्लिक स्कूल सेक्टर-102 की प्रिंसिपल अरुणा बहल, मुंबई से पधारीं सीनियर ट्रेनर निधि नागरथ और कानपुर से आईं निधि का लायन रेनू वर्मा, लायन निशि मोंगिया और लायन ज्योत्सना बजाज ने शॉल और माला पहनाकर अभिनंदन किया। इस दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला में चार विद्यालयों के शिक्षक भाग ले रहे हैं, जिनमें लायंस पब्लिक स्कूल सेक्टर-10ए लायंस पब्लिक स्कूल सेक्टर-102 अश्व विद्या केंद्र लक्ष्मण विहार और इंदिरा गांधी स्कूल शामिल हैं। यह वर्कशॉप 25 और 26 सितंबर को आयोजित की जा रही है। प्रबंधक राजीव कुमार ने बताया कि लायंस क्वेस्ट लायंस क्लब इंटरनेशनल का एक प्रमुख युवा विकास कार्यक्रम है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में चरित्र निर्माण, जीवन कौशल, सकारात्मक सोच, जिम्मेदारी की भावना तथा सामाजिक और भावनात्मक विकास को बढ़ावा देना है। इस प्रशिक्षण के माध्यम से शिक्षकों को जीवन-कौशल आधारित शिक्षण पद्धतियों के लिए प्रशिक्षित किया जा रहा है, ताकि वे कक्षा में केवल किताबी ज्ञान ही नहीं, बल्कि नैतिक मूल्य, आत्मविश्वास, निर्णय लेने की क्षमता और बेहतर व्यवहार जैसे गुण भी विद्यार्थियों तक प्रभावी ढंग से पहुंचा सकें। डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन लायन हेमंत मोंगिया ने बताया कि प्रशिक्षित शिक्षक ही बच्चों में सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं और लायंस क्वेस्ट इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर