गुरुग्राम: वार्षिक खेल समापन समारोह खेलोत्सव-2026 का रंगारंग आगाज

 


-लायंस पब्लिक स्कूल सेक्टर-102 में धूमधाम से मनाया गया खेलोत्सव

गुरुग्राम, 01 नवंबर (हि.स.)। लायंस पब्लिक स्कूल सेक्टर-102 में वार्षिक खेल समारोह खेलोत्सव-2026 बड़े उत्साह एवं उल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लायन सुभाष धींगड़ा तथा उनकी धर्मपत्नी कृष्णा धींगड़ा रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मशाल प्रज्वलन के साथ हुआ। विद्यालय की प्रधानाचार्या अरुणा बहल ने स्वागत संबोधन दिया। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास के लिए जरूरी हैं, बल्कि यह अनुशासन और टीम भावना भी सिखाते हैं।

कार्यक्रम में वाइस चेयरमैन लायन अशोक सोमल, उनकी धर्मपत्नी नीरू सोमल, सेक्रेटरी सुनील सिंगला, ट्रेजरर तरुण वाधवा, पूर्व चेयरमैन लायन एच.एल. डांग, लायन विजय बुद्धिराजा जैसे गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। स्कूल के प्रबंधक राजीव कुमार ने बताया कि विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा एवं ऊर्जा का शानदार प्रदर्शन करते हुए आकर्षक कैलिस्थेनिक्स एक्सरसाइज तथा संगीतमय योग प्रस्तुति दी, जिसने सभी दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके अलावा फुटबॉल, क्रिकेट, बैडमिंटन तथा टेबल टेनिस जैसी अनेक खेल प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा दिखाई। समारोह में प्रस्तुत मनमोहक नृत्य ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।

कार्यक्रम में खेल ट्रॉफी का भव्य वितरण किया गया, जिसमें सभी विजेता विद्यार्थियों को ट्रॉफी एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया। प्रतिस्पर्धा के विभिन्न चरणों में शानदार प्रदर्शन के आधार पर सर्वश्रेष्ठ हाउस को ओवरऑल चैंपियन ट्रॉफी प्रदान कर गौरवान्वित किया गया।

विद्यालय के चेयरमैन लायन डी.वी. तनेजा ने अपने प्रेरणादायक शब्दों एवं आशीर्वचनों से विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि हार-जीत से ज्यादा महत्वपूर्ण है खेल भावना। अंत में खेल महोत्सव का विधिवत समापन किया गया और प्रतिभागी विद्यार्थियों एवं आयोजन से जुड़े सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया गया। यह आयोजन विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना एवं स्वस्थ जीवनशैली के महत्व को बढ़ावा देने का एक प्रेरणादायक माध्यम बना।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर