गुरुग्राम जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष बने कुलभूषण भारद्वाज

 




गुरुग्राम, 11 सितंबर (हि.स.)।शुक्रवार को हुए जिला बार एसोसिएशन के चुनाव परिणाम देर शाम घोषित हो गए हैं। अध्यक्ष पद पर कुलभूषण भारद्वाज ने जीत दर्ज की है, उन्होंने विनोद राव को 246 वोटों के बड़े अंतर से हराया। वे पहले भी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रह चुके हैं। हरियाणा की सबसे बड़ी गुरुग्राम बार एसोसिएशन के चुनाव पर चंडीगढ़ तक नजर रहती है। बार में करीब 10 हजार वकील रजिस्टर्ड हैं। कई दिन तक चुनावी हलचल के बीच शुक्रवार को शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न हुआ। अध्यक्ष पद पर कुलभूषण भारद्वाज ने 246 वोटों से जीत दर्ज की। उपाध्यक्ष पद पर साहिल यादव ने रोमांचक मुकाबले में दमन शर्मा को महज दो वोटों से हराया। अतिरिक्त उपाध्यक्ष पद पर रेनू माहेश्वरी ने योगिता गुज्जर को हराया।

प्रशांत ठाकरान सचिव पद पर, विक्रम यादव ने सह-सचिव, साहिल यादव ने उपप्रधान व अक्षत जैन ने कोषाध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की।

नतीजे घोषित होते ही कोर्ट परिसर में खुशी की लहर दौड़ गई। समर्थकों और महिला अधिवक्ताओं ने ढोल-नगाड़ों की थाप पर जश्न मनाया और एक-दूसरे को बधाई दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर