गुरुग्राम: केएमपी एक्सप्रेसवे पर गोवंश से भरी पिकअप पकड़ी, दो आरोपी गिरफ्तार

 

-पुलिस की काउ प्रोटेक्शन सेल ने की यह कार्रवाई

गुरुग्राम, 22 अगस्त (हि.स.)। पुलिस की काउ प्रोटेक्शन सेल ने केएमपी एक्सप्रेसवे पर गोवंश से भरी एक टाटा ऐस गोल्ड पिकअप को पकडक़र दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार वाहन में दो गाय, एक बछड़ा और एक बछिया को कथित रूप से ठूंस-ठूंसकर भरा गया था तथा उन्हें गोकशी के लिए राजस्थान ले जाया जा रहा था।

फर्रुखनगर थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार 21 अगस्त की रात काउ प्रोटेक्शन सेल के एसआई सुरेश कुमार अपनी टीम के साथ केएमपी रोड पर पातली गांव रेलवे क्रॉसिंग के पास गश्त पर थे। इसी दौरान बादली की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक टाटा ऐस गोल्ड पिकअप को रोकने का इशारा किया गया। आरोप है कि चालक ने पुलिस को देखकर वाहन वापस मोडक़र भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में चालक ने अपनी पहचान सुमीत वर्मा निवासी समता विहार, मुकंदपुर एक्सटेंशन (दिल्ली) तथा उसके साथी ने दीपक निवासी जहांगीरपुरी (दिल्ली) के रूप में बताई। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें दो गाय, एक बछड़ा और एक बछिया बरामद हुए। पुलिस का दावा है कि सभी गोवंश को अमानवीय तरीके से वाहन में भरा गया था। आरोपियों से वाहन के दस्तावेज, परमिट और अन्य कागजात मांगे गए, लेकिन वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। पुलिस के अनुसार शुरुआती पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे गोवंश को सोनीपत से लेकर राजस्थान के टपूकड़ा की ओर जा रहे थे। फर्रुखनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन, गोवंश तथा दोनों आरोपियों को कब्जे में लेकर मामला दर्ज किया। घटनास्थल की फोटो और वीडियो ई-साक्ष्य ऐप पर अपलोड की गई हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर