गुरुग्राम: केएमपी टोल पर कैंटर से चूरा पोस्त बरामद

 

गुरुग्राम, 27 जून (हि.स.)। एचएसएनबी यूनिट गुरुग्राम ने केएमपी टोल पचगांव के पास नाकाबंदी कर एक सफेद कैंटर से 3.2 किलो चूरा पोस्त बरामद किया है। मामले में थाना बिलासपुर से जांच अधिकारी अतिरिक्त उप-निरीक्षक राजेश ने शनिवार को बताया कि आरोपी चालक राजप्रीत सिंह को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। वह चूरा इंदौर से लुधियाना ले जा रहा था।

जानकारी के अनुसार एचएसएनबी यूनिट के उप-निरीक्षक सुरेंद्र एनएच-48 पचगांव के पास नशा रोकथाम के लिए गश्त पर थे। उन्हें गुप्त सूचना मिली की एक कैंटर में इंदौर से लुधियाना चूरा पोस्त ले जाया जा रहा है। कैंटर चालक का नाम राजप्रीत है और वह कुछ देर में पचगांव चौक से गुजरेगा। सूचना पर टीम ने केएमपी पर पचगांव के पास नाकाबंदी की। कुछ देर बाद पलवल की तरफ से आ रहे सफेद कैंटर को रुकवाया गया। चालक ने अपना नाम राजप्रीत सिंह पुत्र दलबीर सिंह निवासी लुधियाना पंजाब बताया। आरोपी राजप्रीत ने राजपत्रित अधिकारी से तलाशी कराने की इच्छा जताई। सूचना पर ईटीओ प्रतीक मौके पर पहुंचे और कैंटर की तलाश ली गई। गाड़ी में पीछे रखे आठ गत्ता बॉक्स में से एक में सफेद पॉलीथिन से तीन किलो 200 ग्राम चूरा पोस्त बरामद हुआ। ड्राइवर सीट के पीछे से एक बिल्टी मिली, जो 25 जून 2026 को देवास से मोहाली के लिए थी। इसके अलावा टाटा पावर रेनेवल एनर्जी का टैक्स इनवॉइस, ई-वे बिल और पैकिंग लिस्ट भी मिली। बरामद चूरा पोस्त, कैंटर, बिल-बिल्टी और आठ गत्ता पेटियों को कब्जे में ले लिया गया। पूरी कार्रवाई ई-साक्ष्य पर अपलोड की गई है। थाना बिलासपुर में केस दर्ज किया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर