गुरुग्राम में किंगडम ऑफ ड्रीम्स में लगी भीषण आग

 


-इमारत में कबाड़ और पुराने सामान ने भडक़ाई आग

गुरुग्राम, 15 जुलाई (हि.स.)। गुरुग्राम के सेक्टर-29 स्थित मशहूर सांस्कृतिक केंद्र किंगडम ऑफ ड्रीम्स में बुधवार दोपहर भीषण आग लग गई। बंद पड़ी इस इमारत से अचानक धुएं का काला गुबार और ऊंची लपटें उठती देख पूरे इलाके में अफरा-तफरी फैल गई। इस आग में केओडी का शोशा थियेटर पूरी तरह से जल गया।

आगजनी की घटना दोपहर करीब पौन दो बजे की है। आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। घटना की गंभीरता को देखते हुए आधा दर्जन से ज्यादा फायर की गाडिय़ां और भारी संख्या में बचाव दल को तैनात किया गया। दमकल कर्मी लगातार पानी की बौछार कर आग पर काबू पाने में जुटे हैं। गनीमत रही कि इमारत पहले से बंद थी। अभी तक किसी के हताहत होने या मलबे में फंसे होने की खबर नहीं है। फाइनेंस विवादों और कानूनी अड़चनों के कारण केओडी पिछले कई सालों से पूरी तरह बंद पड़ा है। अंदर भारी मात्रा में कबाड़, लकड़ी, कपड़े और पुराने शो का सामान रखा हुआ था। फायर अधिकारियों का मानना है कि इसी ज्वलनशील सामान की वजह से आग तेजी से फैल गई।प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट या अंदर घुसे लोगों द्वारा सिगरेट/कचरा जलाने को वजह माना जा रहा है। य देश का पहला लाइव एंटरटेनमेंट, थिएटर और लेजर डेस्टिनेशन था। साल 2010 में करीब 200 करोड़ रुपये की लागत से छह एकड़ में बने इस भव्य परिसर का मकसद भारतीय संस्कृति, कला, शिल्प और व्यंजनों को आधुनिक तकनीक के साथ दुनिया के सामने पेश करना था। यहां लोगों को एक ही छत के नीचे बॉलीवुड-हॉलीवुड स्टाइल के भव्य म्यूजिकल नाटक, भारत के अलग-अलग राज्यों के व्यंजन और पारंपरिक शिल्प देखने को मिलते थे। बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान इसके ब्रांड एंबेसडर रहे हैं। बंद होने के बाद से केओडी की इमारत जर्जर हो चुकी थी और अंदर रखे सामान की रखवाली नहीं हो पा रही थी। फायर विभाग के अधिकारी नुकसान का आकलन आग पूरी तरह बुझने के बाद ही कर पाएंगे। बता दें कि 26 जुलाई 2023 को और 12 मार्च 2025 को भी केओडी में आग लगने की घटना हुई थी।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर