गुरुग्राम की काम्या ने तीन दिन में दो बार इंग्लिश चैनल तैरकर बनाया रिकॉर्ड

 


-काम्या भारद्वाज ने 14 घंटे 19 मिनट में तय किया यह सफर

गुरुग्राम, 26 सितंबर (हि.स.)। गुरुग्राम की बेटी युवा ओपन वाटर तैराक काम्या ने अटलांटिक महासागर स्थित इंग्लिश चैनल में दोहरा इतिहास रचकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। काम्या ने तीन दिन में दो बार इंग्लिश चैनल पार कर ऐसी उपलब्धि हासिल की है। यह उपलब्धि अभी तक किसी भी हरियाणवी तैराक ने हासिल नहीं की।

इंग्लिश चैनल अटलांटिक महासागर की एक पतली शाखा है। भौगोलिक दृष्टि से यह एक संकरा जलमार्ग है, जो ग्रेट ब्रिटेन (इंग्लैंड) को उत्तरी फ्रांस से अलग करता है। स्विम नंबर-186एस तैराक काम्या भारद्वाज (भारतीय) ने शेक्सपियर बीच से 22 सितंबर 2026 की सुबह 05:35 बजे तैराकी की शुरुआत की। उन्होंने कैप ग्रिज नेज, फ्रांस में शाम 07:54 बजे तक यह चुनौतीपूर्ण सफर कुल 14 घंटे 19 मिनट में सफर पूरा किया। इस दौरान काम्या को बेहद ठंडे पानी और तेज समुद्री धाराओं का सामना करना पड़ा। अंतिम चरण में पायलट ने उन्हें चेतावनी दी थी कि अगर गति नहीं बढ़ाई तो 17 घंटे से ज्यादा लग जाएंगे। इस चुनौती को स्वीकार करते हुए काम्या ने अपनी सीमा से आगे जाकर अपनी स्पीड 4.5 किमी प्रति घंटा कर दी और तय समय से पहले चैनल पूरा कर लिया। इस सोलो स्विम के साथ काम्या हरियाणा की पहली तैराक बन गई हैं, जिन्होंने इंग्लिश चैनल पार किया है। इससे पहले काम्या ने इसी साल 18 घंटे 15 मिनट में डबल-वे पाक स्ट्रेट पार कर भारतीय राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी बनाया था।

पैरा तैराकों के साथ रिले में भी चैनल किया पारसोलो जीत के ठीक दो दिन बाद 24 सितंबर 2026 को काम्या फिर से इंग्लिश चैनल में उतरीं। इस बार वह इंडियन ओपन वाटर रिले टीम की मुख्य तैराक के रूप में भारतीय पैरा एथलीटों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर तैरीं। इस रिले टीम ने इंग्लिश चैनल को 20 घंटे 20 मिनट में पूरा किया। भारतीय रिले टीम में काम्या भारद्वाज मुख्य तैराक, झरना मुख्य तैराक, सत्येंद्र सिंह पैरा तैराक, रामबरन पैरा तैराक और दीपक पैरा तैराक शामिल थे। खास बात यह है कि काम्या ने पहले खुद के लिए सोलो जीत हासिल की और फिर बिना आराम किए भारतीय पैरा तैराकों का हौसला बढ़ाने और उन्हें इंग्लिश चैनल पार कराने के लिए दोबारा समंदर में उतर गईं। यह सच्चे चैंपियन की निशानी है। अब काम्या का अगला लक्ष्य दुनिया के सबसे कठिन सेवन ओशियन्स चैलेंज को पूरा करना है, जिसके लिए वह कुक स्ट्रेट और नॉर्थ चैनल की तैयारी करेंगी।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर