गुरुग्राम में जेसीबी चालक की लापरवाही से बुजुर्ग का पैर कटा
-पुलिस ने जेसीबी चालक के खिलाफ किया केस दर्ज
गुरुग्राम, 29 मई (हि.स.)। यहां सेक्टर-12 स्थित सब्जी मंडी के पास जेसीबी चालक की लापरवाही से एक बुजुर्ग का बायां पैर घुटने के नीचे से कट गया। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने शुक्रवार को बताया कि पुलिस ने जेसीबी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना सेक्टर-14 में दी शिकायत में शिव विहार कॉलोनी निवासी महावीर सिंह ने बताया कि वह 25 अप्रैल सुबह करीब नौ बजे कबूतरों को दाना डालकर बिजली के खंभे के पास बैठकर वेज बिरयानी खा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार जेसीबी चालक की लापरवाही से जेसीबी का पंजा महावीर सिंह के बाएं पैर पर लग गया। हादसे में उनका पैर घुटने के नीचे से अलग हो गया। खून से लथपथ महावीर ने होश में रहते हुए जेसीबी का नंबर नोट कर लिया और आसपास से चालक का नाम पता किया। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। महावीर को पहले सरकारी अस्पताल सेक्टर-10 ले जाया गया, जहां पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। डॉक्टरों ने घायल महावीर सिंह को सफदरगंज दिल्ली रेफर कर दिया। बाद में महावीर विवेकानंद आरोग्य केंद्र सेक्टर-12 में भर्ती हुए। पुलिस को दिए बयान में महावीर सिंह ने बताया कि इलाज के बाद सोच-समझकर शिकायत देंगे।
25 मई को महावीर के भाई प्रभु दयाल ने लिखित शिकायत थाना सेक्टर-14 में दी। शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया। जांच अधिकारी हेड कांस्टेबल अजय कुमार ने बताया कि पीडि़त महावीर की शिकायत पर केस दर्ज किया गया है। पुलिस जेसीबी और चालक की तलाश कर रही है। शिकायत में महावीर ने मांग की है कि जेसीबी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो। जेसीबी को बंद किया जाए। उन्हें पुनर्वास व सरकारी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि वह अपना जीवन यापन कर सकें।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर