इटली की महिला ने गुरुग्राम आकर दी शादी के नाम पर ठगी की शिकायत
-इटली की महिला से शादी के नाम पर की गई ठगी
गुरुग्राम, 30 सितंबर (हि.स.)। इंस्टाग्राम पर शादी का झांसा देकर इटली मूल की महिला से ठगी कर ली गई। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बुधवार को बताया कि आरोपी गुरुग्राम का ही रहने वाला बताया जा रहा है। पीडि़ता ने इटली से गुरुग्राम आकर पुलिस को शिकायत दी। इस मामले में गुरुग्राम साइबर पुलिस ने केस दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार पीडि़ता ने जुलाई 2026 में इंस्टाग्राम के माध्यम से सहायक पुलिस आयुक्त साइबर अपराध गौरव फोगाट से संपर्क कर शिकायत दी थी। महिला का आरोप था कि गुरुग्राम निवासी एक व्यक्ति ने सोशल मीडिया पर उससे संपर्क कर शादी का झांसा दिया और अलग-अलग बहाने से पैसे ट्रांसफर करवा लिए। शिकायत के बाद पीडि़ता 28 सितंबर 2026 को इटली से सीधे गुरुग्राम पहुंची और एसीपी साइबर गौरव फोगाट से मुलाकात कर लिखित शिकायत दी। शिकायत के आधार पर थाना साइबर अपराध पश्चिम में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। एसीपी गौरव फोगाट ने मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर टीम को जांच के निर्देश दिए हैं। पुलिस टीम लेन-देन और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण कर रही है। वहीं, पीडि़ता ने गुरुग्राम पुलिस की त्वरित कार्रवाई, संवेदनशीलता और पेशेवर कार्यशैली की सराहना करते हुए पूरी टीम का आभार जताया।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर