गुरुग्राम: इन्वेस्टमेंट के नाम पर 25 लाख की ठगी में दो आरोपी जालौर से गिरफ्तार
-आरोपियों ने ठगी में इस्तेमाल के लिए बेचा था बैंक खाता
गुरुग्राम, 05 सितंबर (हि.स.)। साइबर क्राइम ईस्ट थाना पुलिस ने इन्वेस्टमेंट के नाम पर 25 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। इस मामले में बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले दो आरोपियों को राजस्थान के जालौर से गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने शनिवार को बताया कि आरोपियों की पहचान महेंद्र और राजू राम के रूप में हुई है। दोनों को 30 अगस्त को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार 31 जनवरी 2025 को एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि इन्वेस्टमेंट के नाम पर उससे 25 लाख रुपये ठग लिए गए। शिकायत पर साइबर क्राइम ईस्ट थाने में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच में बैंकिंग ट्रेल से पता चला कि ठगी की रकम में से पांच लाख रुपये महेंद्र के केनरा बैंक खाते में ट्रांसफर हुए थे। पूछताछ में महेंद्र ने बताया कि उसने अपना बैंक खाता, बैंकिंग किट और रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पांच हजार रुपये में राजू राम को बेच दिया था। राजू राम ने यही खाता आगे साइबर ठगों को 10 हजार रुपये में बेच दिया और इसी खाते में ठगी की रकम ली गई। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों और खातों की भूमिका की जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर