गुरुग्राम: प्रतिस्पर्धी दौर में सिर्फ शैक्षणिक ज्ञान नहीं, कौशल भी जरूरी: सोनू भट्ट
-तीन माह के प्रशिक्षण के बाद 50 छात्राओं को वितरित किए प्रमाण पत्र
-एडीसी बोले, रोजगार उपलब्ध कराने की भी होगी पहल
गुरुग्राम, 25 जून (हि.स.)। अतिरिक्त उपायुक्त सोनू भट्ट ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी दौर में सिर्फ शैक्षणिक ज्ञान ही नहीं, बल्कि उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप व्यावसायिक कौशल भी युवाओं की सफलता की कुंजी है। यह बात उन्होंने गुरुवार को कॉमविवा संस्थान द्वारा राजकीय कन्या महाविद्यालय सेक्टर-14 की छात्राओं को तीन माह का कॉर्पोरेट एग्जीक्यूटिव प्रशिक्षण के बाद प्रमाण पत्र वितरण कार्यक्रम में कही।
अतिरिक्त उपायुक्त सोनू भट्ट ने कहा कि इसी उद्देश्य से कॉमविवा संस्थान द्वारा राजकीय कन्या महाविद्यालय सेक्टर-14 की छात्राओं को तीन माह का कॉर्पोरेट एग्जीक्यूटिव प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इसका क्रियान्वयन भारत सरकार की कौशल मंत्रालय की संस्था एमईपीएससी ने किया। प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाली छात्राओं को विकास सदन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एडीसी सोनू भट्ट ने प्रमाण पत्र वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। एडीसी ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम छात्राओं को कॉर्पोरेट कार्य संस्कृति, संचार कौशल, व्यक्तित्व विकास तथा रोजगार के लिए आवश्यक व्यावहारिक दक्षताओं से जोड़ते हैं।
कॉमविवा टेक्नोलॉजी के प्रतिनिधियों ने बताया कि प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली छात्राओं को रोजगार से जोडऩे की दिशा में भी संस्थान सक्रिय रूप से कार्य करेगा। प्रशिक्षण के उपरांत योग्य प्रतिभागियों को विभिन्न कंपनियों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्लेसमेंट प्रक्रिया संचालित की जाएगी, जिससे छात्राओं को अपने करियर की बेहतर शुरुआत करने का अवसर मिलेगा। इस अवसर पर सी.एस.आर, स्किल, इनक्यूबेशन व स्टार्टअप के मुख्य कार्यकारी अधिकारी व कार्यकारी निदेशक गौरव सिंह भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में कौशल मंत्रालय व एमईपीएससी के मुख्य सलाहकार आर. रहमान, मोहम्मद निजामुद्दीन, कॉम्विवा टेक्नोलॉजीज के उपाध्यक्ष अभिषेक बांगिया और राजकीय कन्या महाविद्यालय सेक्टर-14 के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर