गुरुग्राम की कंपनियों को जलाने की साजिश का हुआ खुलासा, छह काबू

 


-नौ अप्रैल को मानेसर आईएमटी में कंपनियों में हुई थी हड़ताल, हिंसा

गुरुग्राम, 13 अप्रैल, (हि.स.)। वेतन बढ़ोतरी को लेकर आईएमटी मानेसर स्थित कंपनियों में बीती नौ अप्रैल को हुए प्रदर्शन में खुलासा हुआ है कि कंपनियों को पेट्रोल बम से जलाने की साजिश की जा रही थी। पुलिस की ओर से इस मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पता चला है कि बाहरी लोगों ने कर्मचारियों को तोडफ़ोड़ और आगजनी के लिए उकसाया था।

इस मामले में गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान रोहतक जिला के गांव भराण निवास आकाश, जींद के लखमीरवाला गांव निवासी अजीत ङ्क्षसह, उत्तराखंड के पौड़ी-गढ़वाल निवासी हरीशचंद, बिहार के मधुबनी निवासी पिंटू कुमार यादव, उत्तराखंड के मंडी निवासी राजू ािसंह व उत्तर प्रदेश के बादयूं निवासी श्यामबीर के रूप में हुई है। गुरुग्राम पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने सोमवार को बताया कि मानेसर मामले में बाहर के लोागों ने साजिशन हंगामा, तोडफ़ोड़ व आगजनी की थी। पकड़े गए आरोपी पुलिस पर पथराव करने, कंपनी कर्मचारियों व पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट जैसी वारदात को अंजाम देने की साजिश रचने वालों में मुख्य थे।

पुलिस की ओर से आईएमटी मानेसर हिंसा में पहचान करने के बाद 56 लोगोंं की गिरफ्तारी तो पहले ही की जा चुकी है। आरोप है कि उपद्रव के दौरान पुलिस की गाड़ी में तोडफ़ोड़, राइडर बाइक में आगजनी, पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता की गई थी। सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की धाराओं में भी आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। अब काबू किए गए आरोपियों को लेकर पुलिस ने जानकारी दी है कि उनका किसी भी कंपनी से कोई संपर्क नहीं है। यानी उन्होंने यहां पर कर्मचारियों के बीच में आकर हिंसा को बढ़ावा देने का काम किया।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर