गुरुग्राम: आईएमटी मानेसर में करीब दस हजार कर्मचारी हड़ताल पर गए

 




गुरुग्राम, 08 अप्रैल (हि.स.)। आईएमटी मानेसर की आधा दर्जन से अधिक कंपनियों के करीब 10 हजार ठेके के कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर हड़ताल शुरू कर दी। वे कंपनी के गेट पर धरने पर बैठ गए। हड़ताल में काफी संख्या में महिला कर्मचारी भी शामिल हैं। हड़ताल को देखते हुए मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया।

बुधवार को हड़ताल के चलते कंपनियों में कार्य पूरी तरह ठप हो गया। आईएमटी क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई। आईएमटी क्षेत्र मारुति, होंडा जय बड़ी कंपनीज होने के कारण सरकार और प्रशासन की कर्मचारियों की हड़ताल पर कड़ी नजर है। हड़ताली कर्मचारियों ने प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। कर्मचारियों का आरोप है कि कई वर्षों से उनका वेतन नहीं बढ़ाया गया है।

हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों को पुलिस ने समझाने का प्रयास किया, लेकिन तनाव बढ़ गया। कर्मचारियों और पुलिस के बीच नोंकझोंक हुई। आरोप है कि धक्का-मुक्की के दौरान पुलिस कर्मचारियों के मोबाइल छीनने का प्रयास किया गया। हंगामा को देखते हुए जिला मजिस्ट्रेट एवं उपायुक्त अजय कुमार ने बुधवार देर शाम आईएमटी मानेसर एवं आसपास के क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के मद्देनजर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 लागू करने आदेश जारी कर दिए।

हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों का कहना है कि वे अपने हक की लड़ाई लड़ रहे हैं। उनकी मांग कंपनी प्रबंधन से है, इसमें पुलिस को नहीं आना चाहिए था। कर्मचारियों का यह भी कहना है कि ठेके के कर्मचारी लंबे समय से शोषण का शिकार हैं। न्यूनतम मजदूरी, ओवरटाइम भुगतान, सुरक्षा और स्थायीकरण जैसी मांगें वर्षों से लंबित हैं। उनकी मांग उचित है और वे शांतिपूर्वक तरीके से अपना आंदोलन कर रहे हैं। प्रबंधन उनकी बात नहीं सुन रहा, इसलिए उन्होंने हड़ताल की है। अगर उनकी मांगे नहीं मानी गई तो यह आंदोलन और अधिक तेज किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर