गुरुग्राम: बादशाहपुर में अवैध भंडारण  किए 13 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त

 


-गैस आपूर्ति समस्या या अवैध भंडारण की सूचना के लिए कंट्रोल रूम 0124-2868930 पर करें संपर्क

गुरुग्राम, 16 अप्रैल (हि.स.)। बादशाहपुर क्षेत्र में खाद्य एवं आपूर्ति विभाग तथा सीएम फ्लाइंग की संयुक्त टीम ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए 13 भरे हुए घरेलू गैस सिलेंडर बरामद किए हैं। यह कार्रवाई सेक्टर-66 स्थित कुशालसाद मंदिर के समीप शनि मंदिर के पास एक टीन शेड में संचालित दुकान के गोदाम में की गई।

जांच के दौरान टीम ने पाया कि इंडेन के ये घरेलू गैस सिलेंडर संदिग्ध परिस्थितियों में संग्रहित किए गए थे। प्राथमिक जांच में यह भी सामने आया कि सिलेंडरों का अवैध भंडारण किया जा रहा था, जिससे इनके दुरुपयोग की आशंका बनी हुई थी। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद व्यक्ति से सिलेंडरों के भंडारण, उपयोग और वैध स्वामित्व से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन वह कोई संतोषजनक कागजात नहीं दिखा सका। इसके बाद विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के अवैध भंडारण पर सख्ती से निगरानी रखी जा रही है और भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी। मामले में पुलिस को शिकायत सौंप दी गई है और आगे की जांच की जा रही है।

नागरिकों को गैस आपूर्ति में किसी प्रकार की समस्या आने अथवा अवैध भंडारण की जानकारी मिलने पर जिला प्रशासन के कंट्रोल रूम का नंबर 0124-2868930 पर संपर्क कर सकते हैं। कंट्रोल रूम में मिल रही प्रत्येक शिकायत का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर