गुरुग्राम में दो क्विंटल अवैध पटाखे जब्त, नियम तोडऩे वालों को दी चेतावनी

 


-फर्रुखनगर में एसडीएम की टीम ने की छापेमारी

गुरुग्राम, 08 नवंबर (हि.स.)। खंड फर्रुखनगर में प्रशासनिक टीम ने भारी मात्रा में अवैध पटाखों का जखीरा बरामद किया है। रविवार को एसडीएम पटौदी दिनेश कुमार ने बताया कि प्रदूषण नियंत्रण अभियान के तहत की गई इस औचक छापेमारी में टीम ने करीब दो क्विंटल अवैध पटाखे जब्त किए हैं।

एसडीएम दिनेश कुमार के नेतृत्व में गठित एक विशेष टीम द्वारा अवैध पटाखों की बिक्री की सूचना पर छापेमारी की गई।

प्रशासन को गुप्त सूचना मिली थी कि फर्रुखनगर क्षेत्र में नियमों को ताक पर रखकर भारी मात्रा में अवैध और प्रतिबंधित पटाखों का भंडारण किया गया है, जिन्हें बाजार में बेचने की तैयारी थी। सूचना मिलते ही एसडीएम दिनेश कुमार ने टीम के साथ मौके पर पहुंचकर औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान वहां बिना किसी वैध लाइसेंस और सुरक्षा मानकों के रखे गए पटाखों की खेप मिली, जिसे टीम ने तुरंत अपने कब्जे में ले लिया। एसडीएम पटौदी दिनेश कुमार ने कहा कि जिले में ग्रेप-3 के नियम लागू हैं। प्रदूषण नियंत्रण और पर्यावरण की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

उन्होंने कहा कि सर्दियों के मौसम में बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए जिला प्रशासन लगातार निगरानी रख रहा है। दीवाली पर केवल दो घंटे ग्रीन पटाखा चलाने के लिए ढील दी गई है। नियमों का उल्लंघन कर अवैध पटाखा कारोबार में संलिप्त लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। नियमों को तोडऩे वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने कहा कि गुरुग्राम जिले की सीमा के भीतर किसी भी प्रकार के अवैध, पारंपरिक और अत्यधिक प्रदूषण फैलाने वाले पटाखों की बिक्री तथा उनके भंडारण की सख्त मनाही है। प्रशासन की ओर से गठित विभिन्न टीमें लगातार फील्ड में सक्रिय हैं और संदिग्ध ठिकानों पर पैनी नजर रख रही हैं। ग्रामीण और शहरी दोनों ही क्षेत्रों में लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है ताकि अवैध पटाखों की सप्लाई चेन को पूरी तरह से ध्वस्त किया जा सके। प्रशासनिक अधिकारियों ने आम जनता से भी प्रदूषण नियंत्रण के नियमों का ईमानदारी से पालन करने का आग्रह किया है। एसडीएम ने नागरिकों से अपील की है कि वे पर्यावरण को बचाने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं। इसके साथ ही उन्होंने जनता से कहा कि यदि उनके आसपास कहीं भी अवैध रूप से पटाखे बेचे जा रहे हों या उनका भंडारण किया जा रहा हो, तो इसकी तुरंत सूचना जिला प्रशासन या नजदीकी पुलिस थाने को दें, ताकि समय रहते आवश्यक और कड़ी कार्रवाई की जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर