गुरुग्राम पुलिस ने बदमाश कृष्ण का दो मंजिला घर किया जमींदोज
गुरुग्राम, 28 अप्रैल (हि.स.)। स्थानीय पुलिस ने मंगलवार को दो बदमाशों द्वारा सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करके बनाए गए घर व कार्यालय को जमींदोज किया। एक बदमाश ने रामपुरा गांव में दो मंजिला घर बना रखा था और दूसरे ने टोडापुर हेलीमंडी में कार्यालय बना रखा था। मकान व कार्यालय को भारी पुलिस सुरक्षा के बीच जमींदोज कर दिया गया।
अपराध शाखा फर्रुखनगर द्वारा थाना पटौदी के क्षेत्र के गांव रामपुरा के रहने वाले अपराधिक प्रवृत्ति के कृष्ण की ओर से कब्जायी गयी सरकारी प्रॉपर्टी पर संज्ञान लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी हत्या, हत्या का प्रयास, चोरी करने, लूट करने, धोखाधड़ी करने, शस्त्र अधिनियम जैसे गंभीर आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है। आरोपी के विरुद्ध एक दर्जन से भी अधिक केस दर्ज हैं। वह एक दर्जन से ज्यादा आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है। आरोपी द्वारा अवैध रूप से दो मंजिला मकान बनाया गया है। जिला प्रशासन द्वारा इस अवैध मकान को ध्वस्त किया गया। इस दौरान अपराध शाखा और पुलिस बल तैनात किया गया है। दूसरे बदमाश टोडापुर हेलीमंडी निवासी संदीप की ओर से अवैध रूप से कार्यालय व कमरे बनाए गए थे। पुलिस ने दोनों कब्जों को गिराकर सरकारी जमीन को कब्जामुक्त कराया।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर