गुरुग्राम: अवैध सट्टा रैकेट पर सीएम फ्लाइंग का छापा, कई हिरासत में
पुलिस को देखते ही सटोरियों में मचा हड़कंप, कई मौके से फरार
गुरुग्राम, 22 जून (हि.स.)। सीएम फ्लाइंग की टीम ने सोमवार को रेलवे रोड क्षेत्र में चल रहे अवैध सट्टा रैकेट पर छापेमारी की। इस कार्रवाई से इलाके में सक्रिय सटोरियों और जुआरियों में हड़कंप मच गया। पुलिस टीम को देखते ही कई लोग मौके से भाग निकले, जबकि टीम ने पीछा कर आठ से दस लोगों को हिरासत में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार सीएम फ्लाइंग को लंबे समय से रेलवे रोड इलाके में अवैध सट्टेबाजी की शिकायतें मिल रही थी। आरोप है कि यहां प्रतिदिन लाखों रुपये का दांव लगाया जा रहा था, जिससे आसपास के दुकानदार और स्थानीय निवासी भी परेशान थे। शिकायतों के आधार पर सीएम फ्लाइंग ने स्थानीय थाना पुलिस के साथ मिलकर कार्रवाई की योजना बनाई।
सोमवार दोपहर टीम ने अचानक संदिग्ध ठिकाने पर दबिश दी। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके की गहन तलाशी ली और सट्टेबाजी में इस्तेमाल होने वाले रजिस्टर, पर्चियां, मोबाइल फोन तथा नकदी बरामद की। अधिकारियों के अनुसार बरामद रजिस्टरों में लाखों रुपये के लेन-देन का रिकॉर्ड और कई सटोरियों के नाम दर्ज होने की संभावना है।
पुलिस ने सभी बरामद सामान को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। फरार आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर