गुरुग्राम: गोली लगने से हिस्ट्री शीटर बदमाश की मौत
घायल अवस्था में खुद गाड़ी चलाकर पहुंचा टोल
टोल प्लाजा की एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया
गुरुग्राम, 13 जनवरी (हि.स.)। यहां एक हिस्ट्रीशीटर बदमाश की गोली लगने से मौत हो गई। वह घायल अवस्था में खुद ही बोलेरो गाड़ी चलाकर खेड़की दौला टोल पर पहुंचा था। वहां से एम्बुलेंस के जरिए उसे अस्पताल पहुंचाया गया। जहां पर उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार एक हिस्ट्री शीटर बदमाश मंगलवार को खेड़की दौला टोल पर बॉलरों गाड़ी में पहुंचा। वहां उसने टोल पर एम्बुलेंस स्टाफ से कहा कि उसे गोली लगी है, उस अस्पताल पहुंचा दो। टोल की एम्बुलेंस उसे तुरंत मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
खेड़कीदौला थाना प्रभारी ने बताया कि खेड़कीदौला थाना क्षेत्र में युवक गोली लगने के बाद पहुंचा था। इसके बाद उसे अस्पताल में दाखिल कराया गया। वहां पर उसकी मौत हो गई। पुलिस जांच कर रही है कि गोली उसे कौन से थाना क्षेत्र में लगी थी। उसके शरीर पर गोली के निशान मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। माना जा रहा है कि रास्ते में दो गुटों के बीच गोलीबारी हुई होगी और उसे गोली लग गई। हालांकि उसकी बॉलरों गाड़ी पर कोई गोलियों के निशान नहीं मिले।
मृतक की पहचान मनोज ओझा के रूप मे हुई है। वह दिल्ली का रहने वाला है। उसके खिलाफ 16 अपराधिक केस दर्ज है। पुलिस ने अभी मृतक की पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। इस मामले में पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार का कहना है कि खेड़की दौला थाना पुलिस और मानेसर सीआईए टीम जांच में लगा दी गई है। अभी इसकी जांच की जा रही है कि हिस्ट्रीशीटर की हत्या हुई है या किसी घटना में उसे गोली लगी है। उसकी गाड़ी से दो पिस्टल, दो मैगजीन व 26 गोलियां भी बरामद हुई हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर