गुरुग्राम: सिधरावली व राठीवास गांव को मिली नए स्वास्थ्य केंद्रों की सौगात

 


दौलताबाद पीएचसी बनेगा सीएचसी

-स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार से ढाई लाख से अधिक आबादी को मिलेगा लाभ

-स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने किया शुभारंभ

गुरुग्राम, 11 अक्टूबर (हि.स.)। हरियाणा की स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान तथा आयुष मंत्री आरती सिंह राव ने रविवार को सिधरावली में नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) और राठीवास में नए उप-स्वास्थ्य केंद्र का शुभारंभ किया। दौलताबाद स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में अपग्रेड करने के कार्य का भी शुभारंभ किया।

स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार प्रदेश के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। स्वास्थ्य संस्थानों को स्थानीय जरूरतों और आबादी के अनुरूप अपग्रेड करने, आवश्यक मानव संसाधन उपलब्ध कराने तथा स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार लाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ वीरेंद्र बसवाना, डिप्टी सिविल सर्जन डॉ अनुज गर्ग, डॉ नीलिमा तथा डॉ. रश्मि बत्रा, जिला आयुष अधिकारी डॉ. मंजू कुमारी, डॉ. मोनिका, गुरुग्राम के भाजपा जिला अध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी, गुरुग्राम महानगर अध्यक्ष अजीत यादव समेत अनेक लोग मौजूद रहे।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि किसी भी क्षेत्र का समग्र विकास केवल सडक़, परिवहन और आधारभूत सुविधाओं तक सीमित नहीं होता, बल्कि वहां के नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। गुरुग्राम जैसे तेजी से विकसित हो रहे जिले में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता में संतुलन बनाए रखना जरूरी है।

पटौदी की विधायक बिमला चौधरी ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव के प्रयासों से गुरुग्राम और पटौदी क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं का लगातार विस्तार हो रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में स्वास्थ्य, सडक़, बिजली और शिक्षा सहित प्रत्येक क्षेत्र में विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है।

स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने सिविल लाइन क्षेत्र में पुराने नागरिग अस्पताल को लेकर एक बार फिर दावा किया कि 600 बिस्तरों वाला आधुनिक सिविल अस्पताल सिविल लाइन में ही बनेगा। इसके निर्माण का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम में निजी क्षेत्र के बड़े अस्पताल उपलब्ध हैं, लेकिन आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों के लिए सरकारी सिविल अस्पताल ही उपचार का सबसे बड़ा सहारा है। इसी को ध्यान में रखते हुए केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह की भी प्राथमिकता रही है कि अस्पताल का निर्माण सिविल लाइन में ही हो, ताकि आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले जरूरतमंद लोगों को इसका अधिकतम लाभ मिल सके।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर