गुरुग्राम: अपने कार्यस्थल पर टीम भावना के साथ काम करें नर्सिंग अधिकारी: विनीता बांगड़
-नर्सिंग अधिकारियों को दिया निष्ठा से सेवा का मंत्र
-गुरुग्राम पहुंचीं हरियाणा नर्सिंग यूनियन की प्रदेश अध्यक्ष विनीता बांगड़
गुरुग्राम, 20 मई (हि.स.)। हरियाणा नर्सिंग यूनियन की प्रदेश अध्यक्ष विनीता मंगलवार को गुरुग्राम दौरे पर पहुंचीं। उन्होंने सेक्टर-10 स्थित नागरिक अस्पताल में नर्सिंग अधिकारियों के साथ बैठक कर उन्हें पूरी निष्ठा, समर्पण और संवेदनशीलता के साथ मरीजों की सेवा करने के लिए प्रेरित किया।
हरियाणा नर्सिंग यूनियन की प्रदेश मीडिया कॉर्डिनेटर पूनम सहराय, प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश यादव, एडवाइजर दीप्ति, सुमित्रा बल्हारा, पूनम कादयान एवं टीम में शामिल नर्सिंग अधिकारियों ने प्रदेश अध्यक्ष विनीता बांगड़ का फूल-मालाओं से व बुके देकर भव्य स्वागत किया। नर्सिंग स्टाफ ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष विनीता बांगड़ के नेतृत्व में हरियाणा नर्सिंग एसोसिएशन और अधिक मजबूत होगी। नर्सिंग अधिकारियों की आवाज सरकार तक मजबूती से पहुंचेगी। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष विनीता बांगड़ ने कहा कि नर्सिंग स्टाफ स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ हैं और मरीजों की सेवा करना हमारा परम कर्तव्य है। इस दौरान उन्होंने नर्सिंग अधिकारियों को अपने हकों के लिए एकजुट रहने का भी संदेश दिया। विनीता बांगड़ ने कहा कि अस्पताल में आने वाला हर मरीज किसी न किसी पीड़ा से गुजर रहा होता है। ऐसे में हमारी एक मुस्कान, संवेदनशील व्यवहार और समय पर दी गई देखभाल उसके आधे दुख को कम कर देती है। नर्सिंग सिर्फ नौकरी नहीं, सेवा का संकल्प है। उन्होंने नर्सिंग अधिकारियों से अपील की कि वे कार्यस्थल पर अनुशासन, समयबद्धता और टीम भावना के साथ काम करें। मरीजों के साथ-साथ उनके परिजनों से भी विनम्र व्यवहार रखें।
प्रदेश अध्यक्ष विनीता बांगड़ ने कहा कि नर्सिंग की कई जायज मांगें लंबे समय से लंबित हैं। मांगों की तरफ सरकार का ध्यान आकर्षित कराने के लिए एकजुट होना जरूरी है। यूनियन का मकसद हर नर्सिंग अधिकारी को उसका हक दिलाना है। प्रदेश अध्यक्ष ने सभी नर्सिंग अधिकारियों को भरोसा दिलाया कि एसोसिएशन उनके अधिकारों की लड़ाई पूरी ताकत से लड़ेगी, लेकिन मरीज की सेवा में कोई कमी नहीं आनी चाहिए। हरियाणा नर्सिंग यूनियन प्रदेश मीडिया कॉर्डिनेटर पूनम सहराय ने कहा कि यूनियन का कार्य हर नर्सिंग अधिकारी की समस्याओं को प्रमुखता से उठाना ही उद्देश्य है। उनके समाधान के लिए यूनियन गुरुग्राम से चंडीगढ़ तक मजबूती से काम करती रहेगी। उन्होंने कहा कि हम सब एकजुटता से ही अपने कैडर के लिए मजबूत होकर खड़े रहेंगें। बैठक के बाद प्रदेश अध्यक्ष विनीता ने सेक्टर-10 नागरिक अस्पताल के प्रधान चिकित्सा अधिकारी से मुलाकात की और नर्सिंग स्टाफ की समस्याएं रखीं। पीएमओ ने मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर