गुरुग्राम: रेरा ने छह माह में 51 प्रोजेक्ट को दी मंजूरी, चार बिलियन डॉलर का निवेश

 


-11 मेगा प्रोजेक्ट्स में ही 25,000 करोड़ का निवेश

-ब्रांडेड रेजीडेंसी की छवि बरकरारगुरुग्राम, 01 जुलाई (हि.स.)। गुरुग्राम का रियल एस्टेट बाजार लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है। रियल एस्टेट रेगुलेटरी अथॉरिटी (रेरा), गुरुग्राम ने जनवरी से जून 2026 के बीच कुल 51 रियल एस्टेट प्रोजेक्ट्स को मंजूरी दी है। इन छह महीनों में मंजूर हुए प्रोजेक्ट्स में करीब चार बिलियन अमेरिकी डॉलर यानी लगभग 33,000 करोड़ रुपये का निवेश शामिल है।

अथॉरिटी द्वारा बुधवार काे जारी रिपाेर्ट के अनुसार 51 में से सिर्फ 11 प्रोजेक्ट्स में ही लगभग 25,000 करोड़ रुपये का निवेश हुआ है। यह पिछले कुछ सालों में गुरुग्राम में हुए बड़े स्तर के रियल एस्टेट विकास को दर्शाता है। कुल 51 प्रोजेक्ट्स में 16,727 यूनिट्स शामिल हैं। इनमें से 15,403 रेजिडेंशियल, 1,084 कमर्शियल और 240 इंडस्ट्रियल यूनिट्स हैं। इन आंकड़ों से सााफ है कि गुरुग्राम में लग्जरी हाउसिंग की डिमांड सबसे ज्यादा है।देश के टॉप डेवलपर्स की पसंद बना गुरुग्राम

गुरुग्राम का रियल एस्टेट बाजार बेहद डायनामिक है। देश के सबसे बड़े रियल एस्टेट प्लेयर्स यहां लगातार हाई-वैल्यू लग्जरी प्रोडक्ट्स लॉन्च कर रहे हैं। यह निवेशकों और होमबायर्स की गुरुग्राम की लॉन्ग-टर्म ग्रोथ स्टोरी में भरोसे को दिखाता है। अथॉरिटी अधिकारियों का कहना है कि तेज मंजूरी प्रक्रिया, सख्त रेगुलेटरी निगरानी और बेहतर कंप्लायंस सिस्टम से घरेलू और संस्थागत निवेशक दोनों ही बाजार में आक्रामक तरीके से भाग ले रहे हैं। इससे पहले कैलेंडर वर्ष 2025 में भी गुरुग्राम रेरा ने 131 प्रोजेक्ट्स के जरिए करीब 87,000 करोड़ रुपये का निवेश आकर्षित किया था। अथॉरिटी ने शिकायतों के निपटारे की प्रक्रिया को तेज कर बैकलॉग भी काफी कम किया है, जिससे होमबायर्स को राहत मिली है। ब्रांडेड डेवलपर्स के लग्जरी प्रोजेक्ट्स और रेरा की सख्त निगरानी के चलते गुरुग्राम की ब्रांडेड रेजीडेंसी वाली छवि 2026 में और मजबूत हुई है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर