गुरुग्राम के ज्वेलरी शोरूम से 80 लाख की चोरी करने वाला कैशियर गुजरात से काबू

 

-गोल्ड सूक मॉल की दुकान से की नकदी, सोने की गिन्नियां व आभूषण चोरी

गुरुग्राम, 16 मई (हि.स.)। गोल्ड सूक मॉल स्थित ज्वेलरी शोरूम से नकदी और आभूषण चोरी करने वाला कैशियर गुजरात के गांधीनगर में पकड़ा गया है। आरोपी के कब्जे से पांच लाख 31 हजार 700 रुपये नकद, करीब 80 लाख रुपये कीमत की 293 ग्राम सोने की ज्वेलरी और 43 ग्राम चांदी बरामद की गई है।सुशांत लोक थाना में गोल्ड सूक मॉल सेक्टर-43 में ज्वेलरी शोरूम संचालक महिला ने शिकायत दी कि उनके यहां प्रसन्नजीत सामंता पिछले तीन साल से कैशियर था। 12 मई को उसे दुकान पर पेंट करवाने भेजा था। 13 मई को जब वह दुकान पहुंची तो कैशियर गायब था। स्टाफ ने बताया कि कैश ड्रॉअर की चाबी प्रसंजीत के पास ही थी। शिकायतकर्ता ने कैश ड्रॉअर खोला तो उसमें से करीब 6 लाख रुपये नकद, सोने की गिन्नियां, सोने के आभूषण और अन्य कीमती सामान गायब मिला। शिकायत मिलने पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया। डीसीपी ईस्ट संदीप के निर्देशन में कार्रवाई करते हुए सुशांत लोक थाना पुलिस ने आरोपी को गांधीनगर, गुजरात से गिरफ्तार कर लिया। जिसकी पहचान प्रसन्नजीत सामंता (34), निवासी गांव गोचाटी जिला पश्चिम मिदनापुर, पश्चिम बंगाल के रूप में हुई है। पुलिस ने गांधीनगर कोर्ट से दो दिन का राहदारी रिमांड लिया है।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह 3 साल से कैशियर था और दुकान की देखभाल भी करता था। इसी कारण दुकान और कैश ड्रॉअर की चाबी उसके पास रहती थी। वह आर्थिक तंगी से गुजर रहा था। 12 मई को जब मालकिन ने पेंट कराने को कहा तो उसके मन में लालच आ गया। चोरी करके वह गुजरात भाग गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 5,31,700 रुपये नकद, 293 ग्राम सोने की ज्वेलरी जिसकी कीमत करीब 80 लाख रुपये है और 43 ग्राम चांदी बरामद की है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर