गुरुग्राम शहर में जीएमडीए बनाएगा आठ नए फ्लाईओवर व अंडरपास
-मानसून से पहले एसपीआर के साथ लेग-4 पूरा करने के निर्देश, लेग-3 पर घटेगा पानी का दबाव
-उद्योग मंत्री राव नरबीर सिंह ने की जीएमडीए परियोजनाओं की समीक्षा
गुरुग्राम, 11 जून (हि.स.)। गुरुग्राम के समग्र एवं योजनाबद्ध विकास को गति देने के उद्देश्य से हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने गुरुवार को जीएमडीए कार्यालय में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में शहरी विकास विभाग के प्रधान सलाहकार डी.एस. ढेसी, गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) के सीईओ पी.सी. मीणा, नगर निगम गुरुग्राम आयुक्त प्रदीप दहिया, नगर निगम मानेसर के आयुक्त प्रदीप सिंह सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में शहर की प्रमुख आधारभूत संरचना परियोजनाओं जैसे हीरो होंडा चौक से उमंग भारद्वाज चौक तक प्रस्तावित एलिवेटेड कॉरिडोर परियोजना की प्रगति, सदर्न पेरिफेरल रोड (एसपीआर) के निर्माण कार्यों, ग्रीन बेल्ट योजना तथा अतिक्रमण हटाने की स्थिति की समीक्षा की गई। इसके अलावा आगामी मानसून को देखते हुए स्वच्छता, जल निकासी एवं जलभराव रोकने की तैयारियों, विभिन्न सडक़ एवं आधारभूत संरचना परियोजनाओं तथा शहर में पर्याप्त पेयजल उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए तैयार की गई कार्ययोजना पर भी विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में जीएमडीए अधिकारियों ने इंफ्रा-1 से संबंधित विकास कार्यों पर प्रस्तुति देते हुए बताया कि वर्तमान में लगभग 1,144 करोड़ रुपये की लागत के विकास कार्य धरातल पर क्रियान्वित किए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त 1,453 करोड़ रुपये की परियोजनाएं टेंडर प्रक्रिया में हैं, जबकि लगभग 1,883 करोड़ रुपये के विकास कार्य योजना निर्माण एवं स्वीकृति प्रक्रिया के विभिन्न चरणों में हैं। प्रस्तावित फ्लाईओवर एवं अंडरपास परियोजनाओं की समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि शहर में यातायात को सुगम बनाने तथा प्रमुख जंक्शनों पर लगने वाले जाम को कम करने के लिए जीएमडीए क्षेत्र में आठ नए फ्लाईओवर और अंडरपास विकसित करने की योजना पर कार्य किया जा रहा है। प्रस्तावित परियोजनाओं में बाबा कमला चौक, दादी सती चौक, गढ़ी चौक, बख्तावर चौक, अंबेडकर चौक पर फ्लाईओवर, बादशाहपुर चौक तथा मिलेनियम सिटी सेंटर पर अंडरपास तथा आरडी सिटी चौक पर फ्लाईओवर और अंडरपास बनाने का प्रस्ताव है।
एलिवेटेड रोड और फ्लाईओवर योजनाओं को मिलेगी रफ्तार
एलिवेटेड रोड एवं कॉरिडोर परियोजनाओं की समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि शहर में यातायात दबाव कम करने के उद्देश्य से पांच प्रमुख एलिवेटेड रोड परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। इनमें राजीव चौक से अतुल कटारिया चौक, महावीर चौक से इफको चौक तथा अतुल कटारिया चौक से द्वारका एक्सप्रेसवे तक प्रस्तावित एलिवेटेड रोड परियोजनाओं के लिए कंसल्टेंट नियुक्ति की प्रक्रिया जारी है। वहीं एसपीआर एलिवेटेड कॉरिडोर के पहले पैकेज (एनएच-48 से वाटिका चौक) के लिए टेंडर प्रक्रिया सक्रिय है, जबकि दूसरे पैकेज (वाटिका चौक से फरीदाबाद रोड) के लिए कंसल्टेंट नियुक्ति की प्रक्रिया चल रही है। कैबिनेट मंत्री ने इन महत्वाकांक्षी परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए, ताकि शहरवासियों को जाम की समस्या से राहत मिल सके।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर