गुरुग्राम: फरुखनगर पुलिस ने एक घंटे में तलाशी गुम हुई बच्ची
पीसीआर राइडर और सीसीटीवी की मदद से बालाजी बस्ती के पास से मिली बच्ची
गुरुग्राम, 09 जुलाई (हि.स.)। पुलिस थाना फरुखनगर की टीम ने तत्परता दिखाते हुए सात वर्षीय गुमशुदा बच्ची की सूचना मिलने के मात्र एक घंटे के भीतर उसे सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने बच्ची को सुरक्षित उसके परिजनों को सौंप दिया है। आठ जुलाई गुरुवार को एक महिला ने पुलिस थाना फरुखनगर में शिकायत दर्ज कराई कि उसकी सात साल की बेटी बुधवार सात जुलाई 2026 की शाम बालाजी बस्ती फरुखनगर में खेलने के लिए घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। शिकायत मिलते ही पुलिस ने बच्ची की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस थाना फरुखनगर की टीम ने पीसीआर राइडर और थाना स्टाफ की मदद से करीब 50 पुलिसकर्मियों को तलाश में लगाया। साथ ही आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को भी खंगाला गया। पुलिस के त्वरित और अथक प्रयासों से बच्ची को बालाजी बस्ती के पास स्थित मार्केट से सकुशल बरामद कर लिया गया।
गुमशुदा होने की सूचना मिलने के लगभग एक घंटे के अंदर ही बच्ची मिल जाने से परिजनों ने राहत की सांस ली। बच्ची को सकुशल बरामद करने के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी कीं और उसे सुरक्षित रूप से परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बच्ची के सकुशल मिलने परिजनों ने गुरुग्राम पुलिस का आभार जताया। पुलिस टीम ने कहा कि यह उनकी ड्यूटी थी और वे आगे भी इसी तत्परता से काम करते रहेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर