गुरुग्राम: पहली ट्रेन से जान बचाने को ट्रैक पर रुकी मां-बेटी की दूसरी ट्रेन से कटकर मौत
-गढ़ी-हरसरू रेलवे स्टेशन की घटना
गुरुग्राम, 07 मई (हि.स.)। गुरुग्राम-रेवाड़ी रेल ट्रैक पर गढ़ी-हरसरू जंक्शन पर रेल ट्रैक पार कर रही मां-बेटी की रेल से कटकर दर्दनाक मौत हो गई। एक ट्रैक पर ट्रेन आती देख वे दोनों पहली पटरी पर ही रुक गई, लेकिन उस पटरी भी हाई स्पीड ट्रेन आ गई और दोनों को कुचलती हुई निकल गई। जिसने भी यह हादसा देखा, उसकी रुह कांप गई। दोनों के शरीर के चिथड़े उड़ गए।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार की सुबह एक महिला अपनी बेटी के साथ गढ़ी-हरसरू रेलवे स्टेशन से ट्रेन में सवार होकर जयपुर जाने के लिए पहुंची। सुबह करीब पांच बजे दोनों टिकट लेने के लिए रेल ट्रैक को पार कर रही थी। इसी बीच दूसरे ट्रैक पर ट्रेन आ गई। ट्रेन से जान बचाने के लिए वे दोनों पहले ही ट्रैक पर रुककर ट्रेन के गुजरने का इंतजार करने लगी। इसी बीच उस ट्रैक पर एक हाई स्पीड ट्रेन आ गई, जिस ट्रैक पर वे दोनों रुकी थीं। पहली ट्रेन के शोर में उन्हें कुछ सुनाई नहीं दिया। हाई स्पीड ट्रेन ने दोनों मां-बेटी को बुरी तरह से कुचल दिया। उनके शरीर के चिथड़े उड़ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सेंकेड भर में ही दोनों की दर्दनाक मौत से हर कोई सहम गया। किसी से भी इस हादसे के बाद की हालत देखी नहीं गई। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों मां-बेटी के शव टुकड़ों में बंट चुके थे। कड़ी मशक्कत के बाद शवों के दूर-दूर तक फैले टुकड़ों को एकत्रित किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर