गुरुग्राम: गैंगस्टर नांदल के निशाने पर आए कारोबारी को मिली पुलिस सुरक्षा

 


-चौबीसों घंटे तैनात रहेेंगें पुलिस के चार जवान

-भविष्य में व्यापारी की सुरक्षा के मद्देनजर मिली पुलिस तैनात

गुरुग्राम, 11 जुलाई (हि.स.)। रंगदारी न मिलने पर जिस कारोबारी की हत्या करने के लिए विदेश में बैठे दीपक नांदल के शूटर पहुंचे थे, उस कारोबारी को पुलिस सुरक्षा दी गई है। सुरक्षा में पुलिस के चार जवान तैनात किए गए हैं। चौबीसों घंटे अब वे पुलिस की सुरक्षा में रहेंगें। व्यापारी को फिरौती के लिए एक सप्ताह से मैसेज आ रहे थे। फिरौती नहीं देने पर हत्या के लिए पहुंचे थे बदमाश। कारोबारी की हत्या के लिए पहुंचे चार शूटर्स को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया था, जबकि एक आरोपी घायल हुआ था।

जानकारी के अनुसार सुशांत लोक फेज-2 निवासी कारोबारी को पिछले एक सप्ताह से विदेश में बैठे गैंगस्टर दीपक नांदल की तरफ से फिरौती के लिए लगातार धमकी भरे मैसेज मिल रहे थे। कारोबारी द्वारा फिरौती देने से इनकार करने पर नांदल ने अपने शूटरों को हत्या की सुपारी देकर गुरुग्राम भेज दिया। नौ जुलाई की देर रात सुशांत लोक फेस-2 में काली स्कॉर्पियो में सवार होकर आए पांच हथियारबंद बदमाशों ने कारोबारी के घर और आसपास अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। एक आरोपी मोबाइल से पूरी वारदात की वीडियो रिकॉर्डिंग भी कर रहा था।

सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच की टीमों ने मौके पर पहुंचकर बदमाशों को आत्मसमर्पण की चेतावनी दी। लेकिन आरोपियों ने पुलिस पर ही जानलेवा फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने भी उन पर गोलियां चलाई। इसमें चार बदमाशों की पुलिस मुठभेड़ में मौत हुई, एक गंभीर रूप से घायल हो गया। मरने वाले बदमाशों में आर्यन निवासी जिला रोहतक, नितिन निवासी जिला रोहतक, अंकित निवासी जिला रोहतक व दीपा निवासी जिला फतेहाबाद शामिल है। मुठभेड़ में तीन पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। घटना के बाद कारोबारी की जान को खतरा देखते हुए गुरुग्राम पुलिस ने उसे सुरक्षा मुहैया कराने का निर्णय लिया। अब कारोबारी के घर और आने-जाने के दौरान चार पुलिस जवान चौबीसों घंटे सुरक्षा में तैनात रहेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर