गुरुग्राम: गैंगस्टर दीपक नांदल का एक शार्प शूटर पुलिस मुठभेड़ में ढेर,दूसरा गिरफ्तार

 


-पुलिस मुठभेड़ में एक आराेपी घायल, सिपाही को भी लगी गोली

-सिंगर फाजिलपुरिया के इवेंट ऑर्गेनाइजर के घर के बाहर फायरिंग में थी तलाश

गुरुग्राम, 11 मई (हि.स.)। सेक्टर-45 में सिंगर राहुल फाजिलपुरिया के इवेंट आर्गेनाइजर के घर के बाहर फायरिंग कर फरार हुए बदमाशों के साथ गुरुग्राम पुलिस की रविवार रात को बंधवाड़ी इलाके में मुठभेड़ हुई। हथियार बरामदगी के दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर जानलेवा हमला कर दिया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली से एक आरोपी मारा गया, जबकि दूसरा घायल हो गया। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने सोमवार को बताया कि इस मुठभेड़ में गुरुग्राम पुलिस का एक सिपाही भी गोली लगने से जख्मी हुआ है।

फाजिलपुरिया के इवेंट आर्गेनाइजर सौरभ यादव के घर के बाहर गोली चलाने के मामले में अपराध शाखा सेक्टर-40, सेक्टर-39 और सेक्टर-17 की टीमों ने संयुक्त ऑपरेशन चलाया। टीम ने दो शूटरों को पंजाब से काबू किया। उनकी पहचान गांव नौने, जिला तरन तारन पंजाब निवासी गुरशेर सिंह शेरा (23) और जसपाल बबल (28) दोनों के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार सोमवार को गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों को पुलिस हथियार बरामदगी के लिए बंधवाड़ी इलाके में लेकर गई थी। वहां आरोपियों ने पहले से छिपाई गई तीन ग्लॉक पिस्टल उठाकर पुलिस पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से 8-10 राउंड फायर किए। आत्मरक्षा में पुलिस टीम ने जवाबी फायरिंग की। इसमें गुरशेर और जसपाल को गोली लगी। दोनों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां गुरशेर की मौत हो गई। जसपाल का इलाज चल रहा है। दोनों गैंगस्टर दीपक नांदल के शार्प शूटर थे।

मुठभेड़ में गुरुग्राम पुलिस के सिपाही नवीन को भी गोली लगी है। पुलिस का कहना है कि आगे की कार्रवाई की जा रही है। दो मई 2026 की रात थाना सेक्टर-40 को सूचना मिली कि गांव कन्हई, सेक्टर-45 में सौरभ नामक व्यक्ति के मकान के बाहर दो बदमाशों ने फायरिंग की है। घर की सुरक्षा में तैनात सिपाही कुलबीर को गोली छूती हुई निकल गई। उसके हाथ और पैर में चोट आई थी। सिपाही की शिकायत पर हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई।

इलाज के बाद सिपाही कुलबीर को अस्पताल से छुट्टी मिल गई थी। पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी सौरभ की हत्या करने आए थे। वारदात से पहले अशोक, सुमित, मनोज काबर और विक्की ने इन्हें मकान दिखाया था और गाड़ी, हथियार व अन्य मदद मुहैया कराई थी। इन चारों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गुरशेर पर गुरुग्राम में हत्या के प्रयास और पंजाब में हत्या के प्रयास व आर्म्स एक्ट का केस दर्ज है। वहीं जसपाल पर गुरुग्राम में हत्या के प्रयास और पंजाब में मारपीट, धमकी व एनडीपीएस एक्ट के तहत दो केस दर्ज हैं। इस मामले में अब तक छह आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं। इनमें गुरशेर और जसपाल मुख्य शूटर थे, जिन्होंने सौरभ यादव के घर के बाहर फायरिंग की थी। घायल सिपाही कुलबीर का इलाज मेदांता अस्पताल में चल रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर