गुरुग्राम: गैंगस्टर गौरव गाड़ौली को जॉर्जिया से डिपोर्ट कर भारत लायी एसटीएफ

 




-एसटीएफ ने गैंगस्टर गौरव गाड़ौली को दिल्ली एयरपोर्ट से किया गिरफ्तार

-गैंगस्टर कौशल चौधरी का साला है गौरव गाड़ौली

-दो दर्जन से ज्यादा संगीन मामलों में था वांछित

-कौशल चौधरी विदेश में बैठकर चला रहा था गैंग

गुरुग्राम, 04 अगस्त (हि.स.)। हरियाणा स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) को संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसटीएफ ने कुख्यात गैंगस्टर कौशल चौधरी के साले गौरव गाड़ौली को जॉर्जिया से डिपोर्ट कराकर भारत लाने के बाद मंगलवार को एयरपोर्ट पर ही गिरफ्तार कर लिया। गौरव गाड़ौली दो दर्जन से अधिक संगीन मामलों में वांछित चल रहा था और पिछले तीन साल से फरार था।

जानकारी के अनुसार गौरव गाड़ौली साल 2023 में भारत छोडक़र विदेश भाग गया था। वह 30 नवंबर 2023 को फ्लाइट से लखनऊ एयरपोर्ट से दुबई के लिए भारत से निकला। उसने साहिल यादव पुत्र कृष्णा यादव निवासी फिरोजाबाद उत्तर प्रदेश के नाम से धोखे से लिए गए पासपोर्ट का इस्तेमाल करके यात्रा की। 14 अक्टूबर 2022 को को पीओ (प्रोक्लेम्ड ऑफेंडर) यानी भगोड़ा घोषित किया गया था। अलग-अलग सेंट्रल और इंटरनेशनल एजेंसियों की मदद से, आरोपी को सफलतापूर्वक ट्रेस किया गया।

वह जॉर्जिया में रहकर अपने बहनोई गैंगस्टर कौशल चौधरी के आपराधिक सिंडिकेट को संचालित कर रहा था। जांच एजेंसियों के अनुसार वह विदेश में बैठकर गैंग की गतिविधियों को अंजाम दे रहा था और कई आपराधिक साजिशें रच रहा था। एसटीएफ के आईजी बी सथीश बालन ने मंगलवार को पत्रकारों से गौरव गाड़ौली की गिरफ्तारी व उनके अपराधों की सूची सांझा की। उन्होंने कहा कि गौरव पर पंजाबी गायकों को धमकी देने और फायरिंग की साजिश रचने जैसे आरोप भी हैं। इसी कारण वह लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों के रडार पर था।

उन्होंने बताया कि डिपोर्टेशन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जैसे ही गौरव भारत पहुंचा, एसटीएफ ने एयरपोर्ट पर उसे गिरफ्तार कर लिया। उसकी गिरफ्तारी के लिए लंबे समय से प्रयास किए जा रहे थे। गौरव गाड़ौली गैंगस्टर कौशल चौधरी की पत्नी मनीषा चौधरी का भाई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, रंगदारी, फायरिंग और क्सटॉर्शन जैसे गंभीर आरोपों में करीब दो दर्जन से ज्यादा मुकदमे देश के अलग-अलग थानों में दर्ज हैं।

हरियाणा एसटीएफ की इस कार्रवाई को संगठित अपराध के खिलाफ एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को विदेश से डिपोर्ट कराकर गिरफ्तार करना सुरक्षा एजेंसियों की बड़ी कामयाबी है। गिरफ्तारी के बाद अब उससे पूछताछ की जा रही है। एसटीएफ को उम्मीद है कि पूछताछ में विदेशों में छिपे अन्य गैंगस्टरों और उनके नेटवर्क से जुड़ी अहम जानकारियां सामने आ सकती हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर