गुरुग्राम: गांधी जी व शास्त्री जी के विचार आज भी प्रासंगिक: पंकज डावर

 


-गुडग़ांव कांग्रेस कार्यालय में गांधी और शास्त्री जयंती पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम

गुरुग्राम, 02 अक्टूबर (हि.स.)। गुडग़ांव के कमान सराय स्थित कांग्रेस कार्यालय में गुरुवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष (शहरी) पंकज डावर ने की। पंकज डावर समेत कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं ने दोनों महापुरुषों को नमन करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष (शहरी) पंकज डावर ने कहा कि दो अक्टूबर का दिन भारतीय इतिहास में बेहद महत्वपूर्ण है। आज ही के दिन दो ऐसे महापुरुषों का जन्म हुआ, जिन्होंने देश को नई दिशा दी। महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा के बल पर देश को आजादी दिलाई, तो लाल बहादुर शास्त्री जी ने जय जवान-जय किसान के नारे से देश को आत्मनिर्भरता और स्वाभिमान का मंत्र दिया। पंकज डावर ने कहा कि गांधी जी का जीवन सादगी, सत्य और सेवा का प्रतीक है। उन्होंने हमें सिखाया कि किसी भी लड़ाई को हिंसा के बिना भी जीता जा सकता है। आज जब देश में नफरत और हिंसा का माहौल है, तब गांधी जी के विचार और भी ज्यादा प्रासंगिक हो जाते हैं। हमें उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाना होगा।

पंकज डावर ने लाल बहादुर शास्त्री जी को याद करते हुए कहा कि शास्त्री जी ईमानदारी और सादगी की मिसाल थे। प्रधानमंत्री रहते हुए भी उन्होंने कभी अपने पद का दुरुपयोग नहीं किया। 1965 के युद्ध में उनके नेतृत्व में देश ने पाकिस्तान को करारा जवाब दिया था और देश में हरित क्रांति और श्वेत क्रांति की नींव रखी। उनका दिया नारा जय जवान, जय किसान आज भी हर भारतीय के दिल में गूंजता है। डावर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से गांधी जी और शास्त्री जी के आदर्शों पर चलती आई है। आज जरूरत है कि युवा पीढ़ी उनके जीवन से प्रेरणा ले। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी जी ने हमें स्वच्छता का भी संदेश दिया था, जिसे हमें अपने जीवन में उतारना चाहिए।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर