गुरुग्राम: पिता की रिवॉल्वर से दोस्त की हत्या का आरोपी काबू

 


-पिता का लाइसेंस हथियार से कार में दिया वारदात को अंजाम, दो दिन के पुलिस रिमांड पर

गुरुग्राम, 19 जुलाई (हि.स.)। सेक्टर-65 थाना क्षेत्र में दोस्ती की आड़ में हत्या का मामला सामने आया है। यहां आरोपी ने अपने ही दोस्त को कार में गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने रविवार को बताया कि पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को फरीदाबाद से गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार 15 जुलाई 2026 को थाना सेक्टर-65 पुलिस को सूचना मिली कि आकाश निवासी बदरपुर दिल्ली की गोली लगने से मौत हो गई है। सूचना पर पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और शव का निरीक्षण किया। मृतक के भाई ने पुलिस को शिकायत में बताया कि उसका भाई आकाश (27 वर्ष) अपने बहनोई के पास रहकर फ्यूल डिलीवरी का काम करता था। 15 जुलाई को आकाश अपने दोस्त लक्की निवासी बहरामपुर से मिलने की बात कहकर घर से गया था। आरोप है कि लक्की ने उसे घर बुलाकर गोली मारकर हत्या कर दी। शिकायत के आधार पर थाना सेक्टर-65 में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग दर्ज किया गया। मामले की जांच अपराध शाखा सेक्टर-31 की टीम कर रही थी। टीम ने कार्रवाई करते हुए फरीदाबाद से एक आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान लक्की भाटी (23 वर्ष) निवासी गांव बहरामपुर गुरुग्राम के रूप में हुई है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर दो दिन के पुलिस हिरासत रिमांड पर लिया गया है।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी और मृतक आकाश की वर्षों से दोस्ती थी। मृतक गुरुग्राम में जिस जगह रहता था। वहां आरोपी की रिश्तेदारी है, जिसके चलते दोनों का आना-जाना था और दोस्ती हो गई। आरोपी ने बताया कि वारदात के दिन दोनों कार में बैठकर कहीं जा रहे थे, तभी उसने गोली चलाकर आकाश की हत्या कर दी। हत्या में प्रयोग किया गया हथियार आरोपी के पिता का लाइसेंसी हथियार है, जिसे वह घर से ले आया था। पुलिस हत्या के पीछे के कारण को लेकर आरोपी से गहनता से पूछताछ कर रही है। अभी तक हत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने रविवार को बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है और हथियार को भी बरामद कर लिया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर