गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड पर बेकाबू हो डिवाइडर पर चढ़ी बस

 


-बस की टक्कर से बिजली का खंभा भी टूटा

गुरुग्राम, 08 सितंबर (हि.स.)। मंगलवार को गुरुग्राम से फरीदाबाद जा रही सवारियों से भरी तेज रफ्तार प्राइवेट बस ग्वाल पहाड़ी के पास बेकाबू होकर डिवाइडर पर चढ़ गई और बिजली के खंभे से टकरा गई। टक्कर से खंभा टूटकर गिर गया। हादसे के बाद बस में चीख-पुकार मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस की रफ्तार काफी तेज थी और ड्राइवर ने अचानक नियंत्रण खो दिया। बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। जोरदार धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आपातकालीन दरवाजे-खिड़कियों से यात्रियों को बाहर निकाला। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। बस और टूटा खंभा सडक़ पर पड़े होने से गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड पर ट्रैफिक जाम हो गया। क्रेन से बस और खंभे को हटाकर रास्ता खुलवाया गया। करंट के खतरे को देखते हुए बिजली विभाग को सूचना देकर सप्लाई बंद कराई गई। गनीमत रही कि बस पलटी नहीं और किसी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई। कुछ यात्रियों को मामूली खरोंचें आईं, जिन्हें मौके पर प्राथमिक उपचार दिया गया। पुलिस ने यात्रियों को अन्य वाहनों से गंतव्य तक भेजा और मामले की जांच शुरू की।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर