गुरुग्राम: स्पोर्ट्स कोटा में नौकरी का झांसा देकर लाखों ठगे

 


-गुरुग्राम पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

-आरोपी पर महेंद्रगढ़ और सीकर में पहले से दर्ज हैं केस

गुरुग्राम, 02 जुलाई (हि.स.)। रेलवे में स्पोर्ट्स कोटा के तहत नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के एक सदस्य को भोंडसी थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सतीश (45 वर्ष) निवासी गांव बेरी जिला महेंद्रगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने गुरुवार को बताया कि आरोपी सतीश को एमजी रोड गुरुग्राम से काबू किया गया है।

17 अप्रैल 2026 को एक व्यक्ति ने थाना भोंडसी में शिकायत दी थी। पीड़ित ने बताया कि सतीश ने अपने साथियों के साथ मिलकर नवंबर 2025 से जनवरी 2026 के बीच रेलवे में स्पोर्ट्स कोटा से नौकरी दिलाने का झांसा दिया। आरोपी ने फर्जी नियुक्ति पत्र, मेडिकल और ट्रेनिंग के नाम पर पीड़ित से करीब 30 लाख रुपये ऐंठ लिए। शिकायत के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस रिकॉर्ड खंगालने पर पता चला कि आरोपी सतीश आदतन अपराधी है। उस पर महेंद्रगढ़ में धोखाधड़ी, हरियाणा पब्लिक एग्जामिनेशन एक्ट, जान से मारने की धमकी और मारपीट के दो केस दर्ज हैं। इसके अलावा सीकर, राजस्थान में पॉक्सो एक्ट समेत अन्य धाराओं में भी केस दर्ज है। पूछताछ में आरोपी ने कबूला कि उसने साथियों के साथ मिलकर सुनियोजित तरीके से रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी की वारदात को अंजाम दिया। गिरोह पहले बेरोजगार युवाओं को टारगेट करता था। फिर स्पोर्ट्स कोटा का हवाला देकर फर्जी दस्तावेज दिखाता और मेडिकल-ट्रेनिंग के नाम पर मोटी रकम वसूल लेता था। भोंडसी थाना पुलिस आरोपी को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लेगी। रिमांड के दौरान ठगी की रकम की बरामदगी और गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में पूछताछ की जाएगी। पुलिस को शक है कि गिरोह ने कई और लोगों को भी इसी तरह चूना लगाया है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर