गुरुग्राम: फर्जी जमीन एग्रीमेंट से 45 लाख की ठगी करने वाले गिरोह का एक और सदस्य गिरफ्तार
-गुरुग्राम क्राइम ब्रांच ने 9.30 करोड़ के फर्जी सौदे में अश्वनी कुमार को पकड़ा
गुरुग्राम, 19 जून (हि.स.)। दूसरों की जमीन के फर्जी कागजात दिखाकर एग्रीमेंट कर 45 लाख रुपये की ठगी करने वाले संगठित गिरोह के एक और सदस्य को गुरुग्राम पुलिस की क्राइम ब्रांच सेक्टर-17 ने गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने शुक्रवार को बताया कि आरोपी की पहचान अश्वनी कुमार निवासी मेरठ उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
इस मामले में क्राइम ब्रांच सेक्टर-17 ने 18 जून 2026 को गुरुग्राम से अश्वनी कुमार को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि अश्वनी अपने साथियों कविंद्र, विजय वर्मा और अन्य के साथ मिलकर संगठित तरीके से भूमि धोखाधड़ी करता था। गिरोह बिना बिक्री योग्य या दूसरों की जमीन को वैध बताकर बेचने का झांसा देता था। आरोपियों ने शिकायतकर्ता को जमीन दिखाने के लिए बुलाया और अश्वनी अपने साथियों के साथ फर्जी खरीददार बनकर मौके पर पहुंचा। ऊंचे दाम पर जमीन खरीदने की इच्छा जताकर शिकायतकर्ता को विश्वास में लिया गया। इसके बाद विजय वर्मा और कविंद्र ने फर्जी एग्रीमेंट तैयार कर 45 लाख रुपये ठग लिए। पूछताछ में पता चला कि ठगी की राशि में से अश्वनी के हिस्से में लगभग 55 हजार रुपये आए थे। पुलिस के अनुसार इस मामले में अब तक तीन आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा ताकि अन्य साथियों और मामले से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई जा सके। जांच जारी है।
बता दें कि, छह जून 2024 को आर्थिक अपराध शाखा-2 गुरुग्राम को शिकायत मिली थी कि वर्ष 2023 में अश्वनी चौधरी नामक व्यक्ति ने खुद को प्रॉपर्टी इन्वेस्टमेंट ग्रुप का सदस्य बताकर शिकायतकर्ता को जमीन में निवेश का झांसा दिया। अश्वनी ने अपने साथियों के साथ मिलकर गांव मंडकोला और नोएडा की जमीन से संबंधित फर्जी एग्रीमेंट तैयार किए। गिरोह ने दूसरों की 15 बीघा जमीन को अपनी बताकर नौ करोड़ 30 लाख रुपये का फर्जी सौदा किया और 45 लाख रुपये एडवांस लेकर ठगी कर ली। बाद में जांच में पता चला कि जमीन बिक्री योग्य नहीं थी और दस्तावेज फर्जी थे। मामले में थाना सिविल लाइन्स में केस दर्ज किया गया। क्राइम ब्रांच सेक्टर-17 की टीम ने 8 दिसंबर 2025 को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से गिरोह के एक सदस्य विजय शर्मा, 40 वर्ष निवासी प्रताप नगर, गाजियाबाद को गिरफ्तार किया था।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर