गुरुग्राम: सनशाइन पेमेंट सोल्यूशन के फर्जी एजेंट ने क्रेडिट कार्ड से की लाखों की ठगी

 

गुरुग्राम, 28 जून (हि.स.)। साइबर ठगों ने सनशाइन पेमेंट सोल्यूशन का एजेंट बनकर गुरुग्राम के एक व्यक्ति के एसबीआई क्रेडिट कार्ड से 2,10,117.74 रुपये निकाल लिए। एक ठग पीड़ित से मुलाकात करके भी गया था। थाना साइबर क्राइम मानेसर ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शिकायतकर्ता जितेंद्र पुत्र कर्ण सिंह निवासी अशोक विहार-2 ने पुलिस को बताया कि 23 जून 2026 को उसके मोबाइल नंबर 9991305742 पर कॉल/मैसेज/लिंक आया। ठगों ने खुद को सनशाइन पेमेंट सोल्यूशन का प्रतिनिधि बताकर जानकारी ली। इसके बाद उसके एसबीआई क्रेडिट कार्ड नंबर से बिना अनुमति तीन ट्रांजेक्शन में कुल दाे लाख 10 हजार 117.74 रुपये निकाल लिए। पीडि़त जितेंद्र ने बताया कि इसी दौरान एक ठग उसके पास आकर भी गया था। उसी समय कार्ड से ट्रांजेक्शन हुईं। बाद में खाते में पैसा न होने पर साइबर फ्रॉड का पता चला। उसके क्रेडिट कार्ड से तीन बार में रकम निकाली गई। 23 जून 2026 को पहली बार में 70,117.74 रुपये, दूसरी बार 70,000 रुपये और तीसरी बार 70 हजार रुपये निकाल लिए गए। पीड़ित ने ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने के बाद मानेसर थाना साइबर क्राइम में लिखित शिकायत दी। जांच अधिकारी मुख्य सिपाही राजबीर ने बताया कि इस मामले की जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर