गुरुग्राम: ठगी के आरोपी के घर ढोल-नगाड़ों के साथ पहुंची झारखंड पुलिस

 

-मकान पर चस्पा किया कुर्की का नोटिस

-तीन साल से फरार आरोपी को कोर्ट में पेश होने के लिए एक महीने की मोहलत

गुरुग्राम, 05 नवंबर (हि.स.)। गुरुग्राम के पॉश इलाके डीएलएफ फेज-3 में गुरुवार को उस समय लोगों की भीड़ जुट गई, जब झारखंड पुलिस ढोल-नगाड़े बजाते हुए एक आरोपी के घर पहुंची। पुलिस ने माइक पर मुनादी कर 25 लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले में फरार चल रहे बलराम कुमार गुप्ता के घर कुर्की से पहले का नोटिस चस्पा किया। अदालत ने आरोपी को एक महीने के भीतर पेश होने का आदेश दिया है। अन्यथा उसकी संपत्ति कुर्क की जाएगी।

पुलिस के अनुसार, बोकारो निवासी एग्रो कारोबारी मुकुल कुमार ने शिकायत दी थी कि गुरुग्राम निवासी बलराम कुमार गुप्ता और दीपक कुमार ने झारखंड के ओरमांझी में जमीन दिलाने का झांसा दिया था। आरोप है कि अगस्त 2021 में सौदा तय होने के बाद मुकुल ने दोनों के बैंक खातों में दो बार में 25 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बावजूद न जमीन मिली और न रकम वापस की गई। रुपये मांगने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। इस मामले में 22 मई 2023 को बेरमो थाने में एफआईआर दर्ज की गई थी। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी रिश्तेदार हैं और बलराम करीब तीन साल से फरार चल रहा है। अदालत में पेश नहीं होने पर उसे भगोड़ा घोषित किया गया। बोकारो के बेरमो थाने में तैनात एएसआई प्रभात किरण कोकिल अपनी टीम के साथ डीएलएफ फेज-3 के वी ब्लॉक पहुंचे। यहां आरोपी के घर के बाहर ढोल-नगाड़ों के साथ मुनादी की गई और नोटिस पढक़र सुनाया गया। इस दौरान आसपास के लोग भी जमा हो गए, लेकिन घर से कोई बाहर नहीं आया। झारखंड पुलिस पहले भी उसकी तलाश में गुरुग्राम में छापेमारी कर चुकी है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर