गुरुग्राम: कारोबारी की गाड़ी से 11 लाख से भरा बैग लेकर फरार हुए बदमाश
-पीछा करने पर कारोबारी को पिस्टल दिखाकर डराया
गुरुग्राम, 05 मई (हि.स.)। पुलिस थाना सेक्टर-10ए क्षेत्र में बाइक सवार बदमाशों ने एक कारोबारी से 11 लाख रुपये लूट लिए। जब कारोबारी ने लुटेरों का पीछा किया तो उन्होंने उसे पिस्टल दिखाकर डराया और फिर हो गए। सोमवार देर रात की इस घटना में पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की तलाश में जुटी है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि आरोपियों की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार सेक्टर-10ए थाना क्षेत्र निवासी कोल्ड ड्रिंक डिस्ट्रीब्यूटर अभय बंसल सोमवार रात करीब साढ़े नौ बजे दुकान बंद करके घर जा रहे थे। घर के बाहर जैसे ही वे गाड़ी पार्क करके गाड़ी से उतरने लगे तो एक बदमाश उनकी गाड़ी के पास पहुंचा। उसका दूसरा साथी कुछ दूरी पर एक गाड़ी के पीछे छिप गया। फिर वहां बाइक सवार हेलमेट पहने दो अन्य बदमाश वहां पहुंचे। बदमाश ने अचानक ड्राइवर के साथ वाली सीट की खिडक़ी खेालकर रुपयों से भरा बैग उठा लिया। वह गाड़ी से बड़े आराम से रुपयों से भरा बैग लेकर चला। कारोबारी को इस बात का जरा भी अंदेशा नहीं था कि उसके आसपास लुटेरे घूम रहे हैं। जब आरोपी बैग लेकर गाड़ी के पीछे की तरफ आया तो कारोबारी ने अपना बैग पहचान लिया। इसी बीच बदमाश भागने लगा। कारोबारी ने शोर मचाया और उसका पीछा किया। वह बदमाश के करीब पहुंचा तो बदमाश ने पिस्टल दिखाते हुए उसे डराया। जान बचाने के लिए कारोबारी रुक गया। इसी बीच दूसरा बदमाश बाइक लेकर अपने साथी के पास आया और वे फरार हो गए।
पीडि़त ने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच श्ुारू की। आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले। पुलिस ने लुटेरों के खिलाफ केस दर्ज करके उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने मंगलवलार को बताया कि सेक्टर-10 थाना पुलिस और अपराध शाखा की टीमें सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी जांची हैं। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर