गुरुग्राम: विदेशी मुद्रा के नाम पर लाखों की ठगी
पुलिस ने तीसरे आरोपी को किया गिरफ्तार
गुरुग्राम, 09 जून (हि.स.)। विदेशी मुद्रा के नाम पर धोखाधड़ी कर लाखों रुपये हड़प लिए गए। इस ठगी के मामले में अपराध शाखा सेक्टर-43 गुरुग्राम की पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। अब तक इस मामले में तीन आरोपी पकड़े जा चुके हैं। पुलिस के अनुसार तीन फरवरी 2026 को सेक्टर-50 थाना क्षेत्र में एक विदेशी मुद्रा विनिमय का काम करने वाले व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि दो फरवरी को व्हाट्सएप पर कॉल कर एक व्यक्ति ने खुद को ग्राहक बताकर विदेशी मुद्रा खरीदने की बात कही और उसे यूनिटेक बिजनेस जोन सेक्टर-50 बुलाया।
शिकायतकर्ता 20,000 यूएस डॉलर और 3,000 यूके पाउंड लेकर बताए गए स्थान पर पहुंचा। वहां अभिषेक नाम बताने वाले व्यक्ति ने विदेशी मुद्रा ले ली और भुगतान लाने का बहाना बनाकर फरार हो गया। बाद में उसका मोबाइल भी बंद मिला। न तो विदेशी मुद्रा वापस मिली और न ही पैसे। इस शिकायत पर सेक्टर-50 थाने में मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान अपराध शाखा सेक्टर-43 की टीम ने पांच जून को हिसार के सेक्टर-4 से आरोपी विपिन 35 वर्ष निवासी हिसार को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि वारदात में इस्तेमाल सिम कार्ड आरोपी राकेश के नाम पर था, जिसे उसने 1,000 रुपये में विपिन को दे दिया था। विपिन ने उस सिम को अपने फोन में चलाकर आए ओटीपी को दूसरे व्यक्ति को दे दिया, जिससे व्हाट्सएप लॉगिन कर शिकायतकर्ता से ठगी की गई। ओटीपी देने के बदले विपिन को 50,000 रुपये मिले थे। इसी मामले में पुलिस ने सात जून 2026 को बरवाला रोड हिसार से एक और आरोपी सचिन 28 वर्ष निवासी मॉडल टाउन हिसार को गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि सचिन खरड़, पंजाब में डिलीवरी बॉय का काम करता है। वहीं उसकी मुलाकात आरोपी विपिन और अन्य आरोपी से हुई थी। वह भी इस धोखाधड़ी में शामिल था। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि अब तक इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है और अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर